बदायूं में मेंथा प्लांट में जहरीली गैस बनी काल
- दो सगे भाइयों की मौत, तीसरे भाई की हालत गंभीर- टंकी सफाई के दौरान हुआ हादसा, तीसरे भाई की हालत गंभीर
बदायूं (एजेंसी)।फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुरेनी पापड़ी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। मेंथा प्लांट की टंकी की सफाई के दौरान दम घुटने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुरेनी पापड़ी गांव निवासी जयवीर यादव (32), राजेश यादव (22) और मनवीर यादव (26) मेंथा प्लांट की टंकी की सफाई कर रहे थे। बताया जाता है कि टंकी के अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी। सफाई के दौरान सबसे पहले एक भाई की हालत बिगड़ी और वह टंकी के भीतर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों भाई भी टंकी के अंदर उतर गए, लेकिन गैस के प्रभाव से वे भी अचेत हो गए।
कुछ ही देर बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों भाइयों को टंकी से बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसफपुर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद जयवीर यादव और राजेश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से अचेत मनवीर यादव को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मेंथा प्लांट की टंकियों में सफाई के दौरान अक्सर जहरीली गैस जमा हो जाती है। ऐसे कार्यों में सुरक्षा उपकरणों और ऑक्सीजन की व्यवस्था जरूरी होती है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर इन मानकों का पालन नहीं किया जाता। आशंका जताई जा रही है कि टंकी में मौजूद जहरीली गैस के कारण ही तीनों भाई बेहोश हुए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
एक ही घर के दो बेटों की मौत और तीसरे की गंभीर हालत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।


No comments:
Post a Comment