प्रस्तावित सत्ता परिवर्तन रैली से पहले भीम आर्मी के नेता हाउस अरेस्ट
सांसद चंद्रशेखर बोले- जनता के बीच जाने से रोका जा रहा; फिर मुझे सुरक्षा देने का क्या मतलब
मेरठ। शहर 5 जून यानी आज प्रस्तावित सत्ता परिवर्तन रैली से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही रोक दिया है।
बिजनौर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चंद्रशेखर आजाद को भी उनके आवास पर पुलिस निगरानी में रखा गया है। पार्टी की ओर से 4 जून से सत्ता परिवर्तन यात्रा शुरू की जानी थी, जो बिजनौर से होते हुए 5 जून को मेरठ पहुंचने वाली थी।
15 दिन से चल रही थीं तैयारियां
पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, यात्रा की तैयारियां पिछले करीब 15 दिनों से चल रही थीं। मेरठ के शेरगढ़ी समेत कई इलाकों में कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही थी। लेकिन, यात्रा शुरू होने से पहले ही कई पदाधिकारियों और समर्थकों को उनके घरों में रोक दिए जाने की सूचना सामने आई है।
चंद्रशेखर ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
इस घटनाक्रम के बाद चंद्रशेखर आजाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने प्रशासन और सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री के दौरे के समय यात्रा को रोकने के निर्देश दिए गए थे। चंद्रशेखर ने कहा कि यदि उन्हें अपने समर्थकों और लोगों के बीच जाने की अनुमति नहीं दी जाती है तो वह इस पूरे मामले पर बड़ा निर्णय ले सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
वीडियो संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से सवाल करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता के बीच जाने से रोका जा रहा है तो उन्हें दी गई सुरक्षा का औचित्य क्या है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अपनी सुरक्षा छोड़ने तक का फैसला कर सकते हैं। उनके बयान के बाद समर्थकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।


No comments:
Post a Comment