जनता ने अखिलेश यादव, राहुल गांधी और ममता बनर्जी को नकारा-कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

कृषि विश्वविद्यालय में गाजियाबाद की घटना पर कहा- जो जैसा करेगा वैसा भरेगा

 मेरठ। कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विपक्ष, कानून-व्यवस्था और कृषि से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात की। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाजपा सरकार पर कुछ न करने के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे दावे पहले पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और असम में राहुल गांधी ने भी किए गए थे, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया।

मंत्री ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास और सुशासन की पहचान बनी है, जिसे जनता भली-भांति समझ चुकी है। जनता ने अखिलेश यादव, राहुल गांधी और ममता बनर्जी को पूरी तरह नकार दिया है।

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में हॉर्टिकल्चर ब्लॉक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से गाजियाबाद की घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा। कानून को किसी को हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।

 कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यह कहते हैं कि भाजपा सरकार ने अपने शासनकाल में कोई काम नहीं किया, लेकिन इसी तरह की बातें बंगाल में ममता बनर्जी और असम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी करते रहे हैं। जनता ने ऐसे दावों को खारिज किया है और विकास के पक्ष में अपना विश्वास जताया है।

मंत्री ने कहा कि देश की जनता यह जान चुकी है कि उसका हित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही सुरक्षित है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिनदहाड़े बेटियों का अपहरण और बड़े अपराध आम बात थे, जबकि अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आमजन खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है।

गाजियाबाद में हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड पर पूछे गए सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

कृषि क्षेत्र से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूरिया की कोई कमी नहीं है। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार यूरिया के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी और इसकी निगरानी लगातार की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कृषि विश्वविद्यालय को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों और किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा सरकार इसके विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts