विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
मेरठ। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, के फूड साइंस एवं क्वालिटी कंट्रोल विभाग द्वारा एक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं युवाओं में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों एवं मानकों के पालन हेतु उन्हें प्रेरित करना था।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता मलिक के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रश्नोत्तरी में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन, खाद्य गुणवत्ता, पोषण एवं स्वास्थ्य तथा खाद्य कानून एवं मानकों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को शामिल किया गया, जिससे प्रतिभागियों को विषय की गहन एवं व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि छात्राओं द्वारा खाद्य सुरक्षा विषय पर जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लघु वीडियो एवं रील्स का निर्माण किया गया। इन वीडियो के माध्यम से सुरक्षित भोजन, स्वच्छता, खाद्य जनित रोगों की रोकथाम तथा दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली अच्छी खाद्य आदतों की जानकारी सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की गई। छात्राओं ने इन रचनात्मक वीडियो को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर व्यापक स्तर पर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। विद्यार्थियों का यह प्रयास उनकी रचनात्मकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। इस आयोजन का संयोजन विभाग की समन्वयक डॉ. दीक्षा यजुर्वेदी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सुश्री सलोनी शर्मा एवं नीरू बत्रा का विशेष सहयोग रहा।
यह आयोजन केवल एक शैक्षणिक गतिविधि तक सीमित न रहकर खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जनसंवाद एवं सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ। विभाग ने सभी से सुरक्षित भोजन अपनाने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment