मणिपुर में उग्रवादियों ने गांव पर किया हमला, तीन की मौत
हमलावरों ने गांव के कई घरों में लगाई आग
नई दिल्ली (एजेंसी)।
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार को एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने एक आदिवासी बहुल गांव पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हमलावरों ने गांव के कई घरों में आग भी लगा दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अज्ञात समूह से जुड़े हथियारबंद कैडरों ने लोइबोल खुल्लेन गांव पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले का जवाब वहां मौजूद दूसरे हथियारबंद समूह ने जवाबी गोलीबारी से दिया। इसके बाद दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच लगभग आधे घंटे तक भीषण गोलीबारी हुई। इस क्रॉसफायर की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की जान चली गई। मृतकों की पहचान लेतखोंगाम हाओकिप, उनकी पत्नी टिनमैरी हाओकिप और जांगमिनलाल हाओकिप के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस अचानक हुए हमले और भारी गोलीबारी के बाद गांव में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए डरे-सहमे ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर भाग गए और पास के जंगली इलाकों में शरण ली।
हमलावरों ने गांव में कम से कम सात घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। इसके अलावा, ग्रामीणों की संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तुरंत प्रभावित इलाके के लिए रवाना कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और दोषियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है।


No comments:
Post a Comment