भारत ने अफगानिस्तान के साथ तीन वन डे सीरीज का जीत के साथ किया आगाज

शुभमन गिल के आगे अफगानी गेंदबाजों ने टेके घुटने 

धर्मशाला  : तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन  स्टेडियम पर बारिश के खलल के बाद 25-25 ओवरों के किए गए इस मैच में भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में एकतरफा जीत दर्ज की। गिल ने न सिर्फ कप्तानी पारी खेली, बल्कि टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाकर ही दम लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम को युवा डेब्यू गेंदबाजों ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई. हालांकि, अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को संभाला, उन्होंने 51 गेंदों पर 102 रन बनाए. लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे बाकी के बल्लेबाज टिक नहीं सके। भारत के लिए अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ और स्पिनर हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट चटकाए। इन दोनों युवाओं के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 24.5 ओवरों में 194 रनों पर ऑलआउट कर दिया। 

शुभमन गिल ने खेली मैच विनिंग पारी

195 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने तेज शुरुआत दी। लेकिन रोहित 16 रन बनाकर रन आउट हो गए और फिर क्रीज पर आए ईशान किशन ने अफगानी गेंदबाजों पर धावा बोल दिया।  ईशान ने सिर्फ 22 गेंदों में 34 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया। श्रेयस अय्यर के सस्ते में आउट होने के बाद अनुभवी केएल राहुल ने भी नाबाद 39 रन बनाकर कप्तान गिल का बखूबी साथ निभाया। 

कप्तान शुभमन गिल ने मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट्स लगाए और एक छोर संभालकर रखते हुए बेहतरीन नाबाद अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 66 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 84 रन बनाए, जिसके चलते टीम इंडिया ने इस टारगेट को 22.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। 


No comments:

Post a Comment

Popular Posts