महिला आयोग की “आपके द्वार” जनसुनवाई में 65 पीड़िताओं की समस्याएं सुनी गईं

 अधिकारियों को एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश

मेरठ। जनपद में गु्रूवार को  विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग, भारत सरकार की अध्यक्ष  विजया रहाटकर की अध्यक्षता में “राष्ट्रीय महिला आयोग–आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोग ने सीधे मौके पर पहुंचकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कुल 65 पीड़ित महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, हत्या, लैंगिक हिंसा, धोखाधड़ी, अपहरण, छेड़छाड़ और पुलिस से संबंधित मामलों की शिकायतें प्रमुख रूप से शामिल रहीं। अध्यक्ष महोदया ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जया रहाटकर ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का उद्देश्य है कि महिलाओं को न्याय के लिए अब दिल्ली तक न जाना पड़े, बल्कि आयोग स्वयं उनके बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर प्रगति रिपोर्ट आयोग को भेजी जाए।

इससे पहले अध्यक्ष ने सर्किट हाउस में लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, एनआरएलएम, महिला किसान सशक्तीकरण परियोजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित कई योजनाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला, राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य सचिव सुदीप जैन, उप निदेशक रामावतार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, एसपी देहात अभिजीत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts