मेडनोवा 2026 में मर्डर मिस्ट्री रूम बना आकर्षण का केंद्र
मेरठ के मेडिकल कॉलेज में छात्रों ने यूथ पार्लियामेंट से दिखाई नेतृत्व क्षमता
मेरठ। मेडिकल कॉलेज के वार्षिक शैक्षणिक सम्मेलन मेडनोवा-2026 के पहले दिन ज्ञानवर्धक सत्रों, प्रतियोगिताओं और कौशल विकास गतिविधियों के साथ कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आईएमए उत्तर प्रदेश के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में समर्पण, अनुशासन और निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। वहीं मेडिकल कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक ने छात्रों को नेतृत्व क्षमता, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उत्कृष्ट चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन के विशेष अतिथि व्याख्यान में वरिष्ठ नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने “Navigating Life Through MBBS” विषय पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने एमबीबीएस जीवन की चुनौतियों, अवसरों और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मेडनोवा-2026 के तहत आयोजित यूथ पार्लियामेंट के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों ने समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण मर्डर मिस्ट्री रूम रहा। क्लिनिकल सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक शिक्षा को रोचक बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस आयोजन में प्रतिभागियों ने सुरागों के आधार पर रहस्य सुलझाने का प्रयास किया और अपनी विश्लेषणात्मक क्षमता तथा टीमवर्क का प्रदर्शन किया। दिन के अंत में दो महत्वपूर्ण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स कार्यशाला में छात्रों को सीपीआर, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं प्रसूति एवं स्त्री रोग कार्यशाला में विद्यार्थियों को संबंधित प्रक्रियाओं, उपकरणों और क्लिनिकल कौशल की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर डॉ. राजीव गोयल, डॉ. आशीष अग्रवाल, डॉ. वाणी पुरी, डॉ. शलभ गुप्ता, डॉ. मनीषा त्यागी, डॉ. संदीप जैन, डॉ. विकास त्यागी, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. आभा गुप्ता, डॉ. ललिता चौधरी, डॉ. प्रीति राठी, डॉ. लोकेश कुमार सिंह, डॉ. स्नेहलता वर्मा, डॉ. नीरज मसंद, डॉ. राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment