गेल ने शहर की 50 कॉलोनियों को एलपीजी गैस कनेक्शन छोड़ने के नोटिस जारी किए
तीन महीने के अंदर सरेंडर करना होगा एलपीजी कनेक्शन
गेल गैस लिमिटेड ने की कार्रवाईगेल गैस लिमिटेड की एलपीजी मुक्त कॉलोनी घोषित करने की तैयारी
मेरठ। गेल गैस लिमिटेड ने शहर में एलपीजी मुक्त कालोनी घोषित करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए 50 काॅलोनियों को गेल गैस लिमिटेड की ओर से नोटिस भेजा गया है। इन कालोनियों में सभी को पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। यहां के निवासियों को तीन महीने में एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना पड़ेगा। एलपीजी कनेक्शन छोड़ने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों का भी पत्र इसी नोटिस के साथ भेजा गया है।
गेल गैस लिमिटेड की तैयारी के अनुसार जिन मुहल्ले या काॅलाेनियों में पीएनजी की लाइन पहुंच चुकी है, वहां पर अब लोगों को एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना पड़ेगा। इसके लिए तीन महीने की समय सीमा दी जाएगी। इसके तहत जिन्होंने अब तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया था उन्हें अब इसी गैस की सेवा लेनी पड़ेगी।
गेल गैस लिमिटेड मेरठ क्षेत्र के महाप्रबंधक विनय कुमार ने बताया कि 50 काॅलोनियों के विकासकर्ता, सोसाइटी के अध्यक्ष, सचिव को नोटिस भेज दिया गया है। जल्द ही इसके लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
नोटिस की समय सीमा बीतने के बाद पेट्रोलियम कंपनियां स्वयं के स्तर से ही एलपीजी कनेक्शन रद्द कर देंगी, इसलिए नोटिस की समय सीमा के अंदर ही घरों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाना है।
57 हजार है शहर में पीएनजी कनेक्शनों की संख्या
शहर में 57 हजार पीएनजी कनेक्शन हैं। पूरे जिले में एलपीजी कनेक्शनों की संख्या संख्या 5.50 लाख है। 50 चिह्नित कालोनियों में 15000 घर हैं, जिनमें से 7500 घरों में ही पीएनजी कनेक्शन हैं।


No comments:
Post a Comment