3 राज्यों में सक्रिय मोबाइल लुटेरा गिरोह दबोचा
11 आईफोन सहित 15 लाख रुपये के 35 मोबाइल और लैपटॉप बरामद
मुमताज नगर का शाहवेज गिरफ्तार, 5 साथी फरार; मुंबई से चोरी हुए फोन की लोकेशन मेरठ में ट्रेस होने के बाद एडीजी के निर्देश पर हुआ बड़ा खुलासा
मेरठ। मेरठ जनपद की स्वाट टीम और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन राज्यों में सक्रिय मोबाइल फोन लूटने और चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीमों ने घेराबंदी करते हुए गिरोह के मुख्य सदस्य शाहवेज पुत्र अज्ञात निवासी मुमताज नगर, मेरठ को मदीना कॉलोनी फेस-2 से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए शातिर आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों के 35 (पैंतीस) एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 11 (ग्यारह) कीमती आईफोन और 1 (एक) लैपटॉप बरामद किया है। बरामद किए गए इन सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कुल अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 15 (पंद्रह) लाख रुपये आंकी गई है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि अन्य राज्यों और जनपदों से मोबाइल लूटकर मेरठ में खपाने वाला एक बड़ा गिरोह जिले में सक्रिय है। इसके बाद पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। दरअसल, इस गिरोह ने कुछ समय पहले महाराष्ट्र के मुंबई से एक कीमती आईफोन चोरी किया था। सर्विलांस सेल की मदद से जब इस फोन को ट्रैक किया गया, तो इसकी लाइव लोकेशन मेरठ में पाई गई। इसके बाद मामले की जानकारी एडीजी भानु भास्कर को दी गई। एडीजी के कड़े निर्देशों पर एसपी सिटी ने तत्काल पुलिस और स्वाट टीम को लगाया, जिसके बाद इस गिरोह की कुंडली सामने आ गई।
रोडवेज बसों में चोरी और 'ठक-ठक' गिरोह की तर्ज पर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शाहवेज ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसके गिरोह में कुल 5 (पांच) मुख्य सदस्य हैं, जो उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के अलावा मुंबई (महाराष्ट्र) और मध्य प्रदेश (MP) के कई जिलों में घूम-घूमकर वारदात करते हैं। ये लोग मुख्य रूप से राहगीरों, बाजार में चलने वाले लोगों और रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाते हैं। इसके अलावा, यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में कुख्यात 'ठक-ठक' गिरोह की तर्ज पर भी कार और अन्य वाहन सवारों का ध्यान भटकाकर उनके कीमती मोबाइल फोन पलक झपकते ही उड़ा लेता था। इन राज्यों से लूटे और चोरी किए गए सभी मोबाइलों को कलेक्ट करके सुरक्षित मेरठ लाया जाता था।
लिसाड़ी रोड की दुकान पर अनलॉक टूल सॉफ्टवेयर से तोड़ते थे आईफोन का लॉक
एसपी सिटी ने बताया कि चोरी और लूट के इन मोबाइलों को भावनपुर के रुकनपुर निवासी शहनवाज की लिसाड़ी रोड स्थित 'एसआर कम्यूनिकेशन' नामक मोबाइल शॉप पर लाया जाता था। वहां शहनवाज अपने लैपटॉप और एडवांस 'अनलॉक टूल सॉफ्टवेयर' की मदद से आईफोन और अन्य महंगे फोनों का लॉक और आईक्लाउड बाईपास कर देता था। लॉक टूटने के बाद ये लोग पूर्वा फैय्याज निवासी मुन्ना को इन मोबाइलों को बेहद सस्ते दामों पर बेच देते थे, जो आगे इन्हें आम ग्राहकों को ऊंचे दामों पर खपा देता था। पुलिस अब फरार आरोपी नदीम, सलीम, शहनवाज, मुन्ना और शाहरुख की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पकड़े गए शाहवेज के खिलाफ लिसाड़ी गेट और नौचंदी थाने में लूट, चोरी और जालसाजी की कई एफआईआर (FIR) पहले से दर्ज हैं।


No comments:
Post a Comment