यूपी में 26 एआरटीओ और 9 आरटीओ के तबादले
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के विशेष सचिव ने जारी की सूची
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने परिवहन विभाग की पूरी प्रशासनिक और प्रवर्तन व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन करते हुए तबादला सूची जारी कर दी है। परिवहन विभाग के विशेष सचिव केपी सिंह की तरफ से जारी की गई इस हाई-प्रोफाइल सूची के तहत राज्य के 9 संभागीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि 26 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) को नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल की सबसे बड़ी खासियत दो वरिष्ठ एआरटीओ अधिकारियों को विभागीय पदोन्नति (प्रमोशन) देकर आरटीओ बनाना और दो डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नरों (उप परिवहन आयुक्त) के विभागों में कड़ा बदलाव करना रहा।
लखनऊ और आगरा के आरटीओ बदले
परिवहन अधिकारियों के तबादलों की जारी सूची के अनुसार, लखनऊ और आगरा के आरटीओ के बीच सीधा अदला-बदली का समीकरण बना है। लखनऊ में तैनात आरटीओ (प्रशासन) संजय कुमार तिवारी को अब आगरा का नया आरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं आगरा में तैनात संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार वार्ष्णेय को अब राजधानी लखनऊ के आरटीओ (प्रशासन) जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। एआरटीओ (प्राविधिक) परिक्षेत्र लखनऊ हिमांशु जैन को एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) मुख्यालय के साथ-साथ एआरटीओ (प्रशासन) विस्तार पटल, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आरटीओ स्तर पर हुए अन्य प्रमुख बदलाव
आरटीओ की नई तैनाती के तहत अयोध्या में तैनात आरटीओ (प्रवर्तन) विश्वजीत प्रताप सिंह को अब अयोध्या का ही आरटीओ (प्रशासन) बना दिया गया है। जबकि मुख्यालय पर तैनात सहायक परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा/प्रदूषण नियंत्रण) दिनेश कुमार को अलीगढ़ का नया आरटीओ (प्रवर्तन) नियुक्त किया गया है। गोरखपुर में तैनात आरटीओ (प्रवर्तन) संजय कुमार झा अब अयोध्या के आरटीओ (प्रवर्तन) होंगे, जबकि प्रयागराज में तैनात आरटीओ (प्रवर्तन) संजीव कुमार गुप्ता को गोरखपुर का आरटीओ (प्रवर्तन) बनाया गया है। वहीं अयोध्या में तैनात रहीं आरटीओ (प्रशासन) ऋतु सिंह को आरटीओ (सड़क सुरक्षा/प्रदूषण नियंत्रण) बनाकर मुख्यालय भेजा गया है। वहीं मिर्जापुर के आरटीओ (प्रवर्तन) रविकांत शुक्ला को मुख्यालय और मुख्यालय पर तैनात सुनील दत्त को आजमगढ़ का आरटीओ (प्रवर्तन) बनाया गया है।
दो एआरटीओ को पदोन्नति मिली, बने आरटीओ
इस स्थानांतरण नीति में विभाग ने बेहतरीन कार्यशैली के चलते दो अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। प्रयागराज में तैनात सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राजीव चतुर्वेदी को पदोन्नति देते हुए उन्हें मिर्जापुर का नया आरटीओ (प्रवर्तन) बनाया गया है। इसी प्रकार मिर्जापुर में एआरटीओ (प्रवर्तन द्वितीय दल) के पद पर तैनात सत्येंद्र प्रकाश सिंह को पदोन्नति देते हुए प्रयागराज का आरटीओ (प्रवर्तन) नियुक्त किया गया है।
26 एआरटीओ के बदले जिले
एआरटीओ स्तर पर किए गए 26 तबादलों में अलीगढ़ से प्रवेश कुमार को एआरटीओ (प्रशासन) शामली भेजा गया है, जबकि शामली के वर्तमान एआरटीओ (प्रशासन) रोहित राजपूत को एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) कानपुर देहात में नई तैनाती दी गई है। वहीं गाजियाबाद में तैनात एआरटीओ (प्रवर्तन द्वितीय दल) मनोज कुमार मिश्रा को गौतम बुद्ध नगर का एआरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है। उनके स्थान पर बाराबंकी की एआरटीओ (प्रशासन) अंकिता शुक्ला को गाजियाबाद में एआरटीओ (प्रवर्तन द्वितीय दल) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्रावस्ती में तैनात एआरटीओ (प्रशासन) विनीत कुमार मिश्रा को गाजियाबाद में एआरटीओ (प्रवर्तन चतुर्थ दल) के रूप में भेजा गया है। इसी प्रकार बिजनौर में तैनात गौरी शंकर ठाकुर को फिरोजाबाद का एआरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। कानपुर देहात में तैनात एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) सोमलता यादव को कानपुर नगर का एआरटीओ (प्रवर्तन तृतीय दल) नियुक्त किया गया है। मिर्जापुर में तैनात एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) विजय प्रकाश सिंह को प्रयागराज का एआरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं पीलीभीत के एआरटीओ (प्रशासन) वीरेंद्र सिंह को मिर्जापुर का एआरटीओ (प्रशासन), कुशीनगर के मोहम्मद अजीम को श्रावस्ती का एआरटीओ (प्रशासन) और बलिया के एआरटीओ (प्रशासन) अरुण कुमार राय को मिर्जापुर का एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) बनाया गया है।
केडी सिंह गौर को प्रवर्तन संबंधी कार्यों का जिम्मा
डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर (DTC) स्तर पर, झांसी परिक्षेत्र में तैनात केडी सिंह गौर को उप परिवहन आयुक्त (यात्री कर) मुख्यालय के पद पर नई तैनाती दी गई है। उन्हें प्रवर्तन संबंधी सभी कार्यों का मुख्य जिम्मा सौंपा गया है। आदेश के अनुसार, वे इस अवधि में परिवहन आयुक्त के बाद सर्वोच्च अधिकारी के रूप में कार्य देखेंगे और सीधे कमिश्नर को रिपोर्ट करेंगे। वहीं मुख्यालय पर तैनात रहे डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर (यात्री कर) संजय सिंह (जिनके पास अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन का अतिरिक्त प्रभार था) को झांसी परिक्षेत्र का नया उप परिवहन आयुक्त बनाया गया है।
मुख्यालय और विस्तार पटलों पर नई तैनातियां
लखनऊ परिक्षेत्र में तैनात एआरटीओ (टेक्निकल) हिमांशु जैन को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन प्रथम दल) मुख्यालय बनाया गया है, साथ ही उन्हें एआरटीओ (प्रशासन) विस्तार पटल देवा रोड का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। हमीरपुर में तैनात एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) अमिताभ राय को बाराबंकी का एआरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है। जबकि देवरिया में तैनात एआरटीओ (प्रशासन) आशुतोष कुमार शुक्ला को प्रतापगढ़ का एआरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने का कड़ा आदेश जारी किया है।


No comments:
Post a Comment