दिनदहाड़े कारोबारी की पत्नी की गला रेत कर निर्मम हत्या 

 सहारनपुर ।  सहारनपुर जनपद में नकुड़ थाना क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे में सोमवार को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के मोहल्ला झावरी निवासी एक प्रतिष्ठित स्पेयर पार्ट्स व जनरल स्टोर कारोबारी की 60 वर्षीय पत्नी पूनम मित्तल की घर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। कातिलों की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महिला के दोनों कान काटकर सोने के कुंडल लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे घर की अलमारी में रखी नकदी व जेवरात समेटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों ने विरोध में मुख्य बाजार को पूरी तरह बंद कर दिया है।

 कस्बे के मुख्य बाजार में जनरल स्टोर और स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाने वाले संजय मित्तल का घर उनकी दुकान से करीब 200 मीटर की दूरी पर है। उनका बेटा वैभव मित्तल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुजफ्फरनगर में रहता है, जहाँ उसकी स्पेयर पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री और फर्नीचर शोरूम है। घर पर संजय मित्तल और उनकी पत्नी पूनम अकेले ही रहते थे। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे संजय ने शामली में रहने वाले अपने साले की तबीयत का हाल जानने के लिए पत्नी को फोन किया था, लेकिन उस समय फोन नहीं उठा।

इसके बाद शाम करीब 4:08 बजे संजय मित्तल के मोबाइल पर अचानक उनकी पत्नी पूनम के ही नंबर से कॉल आई। संजय ने फोन उठाकर कई बार 'हेलो-हेलो' कहा, लेकिन दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आई, केवल किसी के छटपटाने या भारी सांसों की हल्की सी ध्वनि महसूस हुई। अनहोनी की आशंका होने पर संजय मित्तल तुरंत बाजार से एक स्थानीय डॉक्टर को साथ लेकर घर की तरफ दौड़े।

कमरे का मंजर देख कांप गई रूह, दीवार पर थे मांस के लोथड़े

संजय मित्तल ने बताया कि जब वह शाम करीब 4:10 बजे घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जैसे ही वे बेडरूम के भीतर दाखिल हुए, वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। बेड पर पूनम मित्तल का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। कमरे की दीवार के पास खून के छींटे और मांस के लोथड़े बिखरे हुए थे। उनके गले पर किसी बेहद धारदार हथियार से गहरे वार किए गए थे और दोनों कान कटे हुए थे, जिनमें से सोने के कुंडल गायब थे। पास ही कमरे में रखी अलमारी भी पूरी तरह खुली और अस्त-व्यस्त पड़ी थी। संजय मित्तल के शोर मचाने पर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण और व्यापारी मौके पर इकट्ठा हो गए।

ड्राइंगरूम में मिली मिठाई और पानी, किसी परिचित पर गहरा शक

सघन मुआयने के दौरान पुलिस को घर के ड्राइंगरूम में एक प्लेट में रखी मिठाई और पानी के दो ग्लास मिले हैं। इस साक्ष्य के सामने आने के बाद यह प्रबल आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि कोई बेहद नजदीकी या परिचित व्यक्ति था, जिसने घर में दोस्ताना एंट्री की थी। पूनम मित्तल ने उसे खाने के लिए मिठाई और पानी दिया और इसी दौरान मौका पाकर उसने इस क्रूर वारदात को अंजाम दे दिया।

देर से पहुंची पुलिस पर भड़का गुस्सा, व्यापारियों ने बंद किया बाजार

घटना की सूचना दिए जाने के करीब एक घंटे बाद नकुड़ थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के इस ढुलमुल रवैये और देरी से पहुंचने को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तीखी नाराजगी जताई। हत्या के विरोध में और कानून व्यवस्था को लेकर आक्रोशित व्यापारियों ने तुरंत अंबेहटा बाजार बंद कर दिया। सूचना मिलते ही नकुड़ चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता, अंबेहटा चेयरमैन एडवोकेट नईम मलिक और पूर्व चेयरमैन राजकुमार खुराना भी मौके पर पहुंचे और कानून व्यवस्था पर रोष जताया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को जांच के लिए बुला लिया गया है। एसपी देहात मयंंक पाठक ने बताया कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस लूट और आपसी रंजिश समेत हर संभावित बिंदु पर गहराई से तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी देहात ने दावा किया है कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts