भाई ने 17 साल की बहन को मार डाला
अकेले पुलिस चौकी पहुंचा, बोला- नाक कटवा दी थी, गला घोंट दिया
मेरठ। थाना लोहिया नगर क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 4 बजे 16 साल के भाई ने अपनी 17 साल की बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अकेले चलकर करीब 500 मीटर दूर पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिसवालों से कहा- मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी है। वह 6 महीने से अपनी ससुराल नहीं जा रही थी। पड़ोस में रहने वाले एक लड़के से उसका अफेयर चल रहा था।इससे समाज में हमारे परिवार की बेइज्जती हो रही थी। 28 जून (रविवार) की सुबह करीब 6 बजे वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई थी। इससे गांववाले हम लोगों को ताने मार रहे थे। उसकी वजह से समाज में हमारी नाक कट गई। बिरादरी के लोग तंज कसते थे।मंगलवार सुबह 9 बजे बहन घर लौटी। इसके बाद शाम को मैंने उसे मार डाला। भाई के इस कबूलनामे के बाद पुलिस उसके घर पहुंची। वहां घर के अंदर कमरे में बहन की लाश पड़ी थी। पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि हुमायूंनगर के रहने वाले सलीमुद्दीन कारपेंटर हैं। मंगलवार शाम करीब 4 बजे उनका बेटा दिलशाद (16) फतेहउल्लापुर पुलिस चौकी पहुंचा। उसने पुलिस को बहन की हत्या करने की बात बताई।इसके बाद पुलिस उसके साथ उसके घर पहुंची। घर के अंदर एक कमरे में उसकी बहन इलमा (17) का शव जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर साक्ष्य जुटाए।पुलिस पूछताछ में दिलशाद ने बताया कि करीब 2 साल पहले इलमा को घरवालों ने लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन के रहने वाले एक लड़के के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। तब घरवालों ने दोनों की पिटाई की थी।इसके बाद गांव में पंचायत हुई। इसमें इलमा के घरवालों ने कहा कि लड़के को इलमा से निकाह करना होगा। अगर निकाह नहीं किया, तो पुलिस केस किया जाएगा। केस के डर से लड़के के घरवाले निकाह के लिए तैयार हो गए।
6 महीने से मायके में रह रही थी
15 साल की उम्र में इलमा का निकाह उसी लड़के से कर दिया गया था। करीब 6 महीने पहले इलमा ससुराल से मायके आ गई। इस दौरान उसका पड़ोस में रहने वाले एक युवक से अफेयर हो गया। दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे।पड़ोसियों ने इसकी शिकायत इलमा के घरवालों से कर दी। घरवालों ने इलमा को बहुत समझाया और ससुराल जाने को कहा। लेकिन, इलमा ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया। रविवार सुबह करीब 6 बजे इलमा घर से अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई।
बॉयफ्रेंड के साथ भागी, घर लौटी तो भाई ने मार दिया
घरवालों ने इलमा को बहुत ढूंढा खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसी बीच गांव के लोगों ने इलमा के घरवालों को बताया कि वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे इलमा घर लौट आई। इसके बाद घरवालों से उसका झगड़ा हो गया।घरवालों ने उसे समझाया और ससुराल जाने को कहा। लेकिन, इलमा ने कहा कि मैं अब कभी ससुराल नहीं जाऊंगी।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे इलमा अपने कमरे में थी। तभी भाई दिलशाद उसके कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद गला दबाकर इलमा की हत्या कर दी। जिस समय उसने हत्या की, उस समय घर में उसकी मां थी।
हत्या करने के बाद दिलशाद घर से करीब 500 मीटर दूर चौकी पहुंचा और घटना के बारे में बताया। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि दिलशाद को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।


No comments:
Post a Comment