मेरठ कॉलेज के रोजगार मेले में 145 युवाओं को मिली नौकरी

 61 चयन के साथ स्किल सेतु कम्पनी रही अव्वल

 मेरठ। मेरठ कॉलेज के केंद्रीय पुस्तकालय में बुधवार को  विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 145 युवाओं को नौकरी मिली। नौकरी पाकर युवाओं के चेहरे की चमक देखी जा सकती थी। 

 कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि  विवेक कुमार गर्ग एवं मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र का संचालन वाणिज्य संकाय के प्रोफेसर डॉ. दीपक वर्मा ने किया।

रोजगार मेले का आयोजन मेरठ कॉलेज के करियर एंड काउंसलिंग सेल की संयोजिका प्रो. अर्चना सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अंशु जैन, डॉ. रीना बंसल, डॉ. आलिया, डॉ. नीलम पवार, डॉ. अनुराग सिंह तथा डॉ. जितेंद्र यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि  विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री ही नहीं बल्कि कौशल, संवाद क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान भी सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल का निरंतर विकास करने और रोजगार के बदलते स्वरूप के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने विभिन्न महाविद्यालयों और संकायों से आए छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना भी है। उन्होंने कहा कि मेरठ कॉलेज विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मेरठ कॉलेज के प्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि मेरठ कॉलेज के इतिहास में इतने बड़े स्तर पर पहली बार रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। कॉलेज का प्रयास छात्रों और रोजगार बाजार के मध्य मौजूद दूरी को कम करना तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

रोजगार मेले में जुपिटर इंटरनेशनल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, स्टैनफोर्ड क्रिकेट इंडस्ट्रीज (एसएफ), शुभम ऑर्गेनिक्स लिमिटेड, ट्रैक बोन, जेके मैनेजमेंट सॉल्यूशन, बीडीएस कॉलेज ऑफ लॉ, शांतिनिकेतन कॉलेज ऑफ लॉ तथा एबीएम जॉब्स सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों ने भाग लिया।

मेले में विभिन्न संकायों के कुल 250 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 145 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों में अंतिम रूप से चयन हुआ। साक्षात्कार की प्रक्रिया प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक कॉलेज के सेमिनार हॉल एवं कमेटी हॉल में संपन्न हुई।

रोजगार प्रदान करने के मामले में स्किल सेतु कंपनी 61 चयन के साथ प्रथम स्थान पर रही, जबकि नवज्योति फाउंडेशन ने 38 अभ्यर्थियों का चयन कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि मेरठ कॉलेज के इतिहास में इतने बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने वाला यह पहला आयोजन रहा, जिसे प्रतिभागियों और कंपनियों ने अत्यंत सफल एवं उपयोगी बताया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts