NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा, पुणे की फिजिक्स टीचर गिरफ्तार, जांच 5 राज्यों तक फैली

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे की एक फिजिक्स टीचर मनीषा संजय हवलदार को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में 11वीं गिरफ्तारी है। आरोपी शिक्षिका पर परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार मनीषा संजय हवलदार पुणे के सेठ हीरालाल सराफ प्रशाला कॉलेज में शिक्षिका हैं और उन्हें राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के रूप में नियुक्त किया गया था। जांच में सामने आया है कि उनकी पहुंच फिजिक्स विषय के प्रश्नपत्र से जुड़ी संवेदनशील जानकारी तक थी।

CBI के अनुसार अप्रैल 2026 में मनीषा ने फिजिक्स के कुछ प्रश्न कथित रूप से एक अन्य आरोपी मनीषा मंधारे के साथ साझा किए थे। इसी आधार पर उन्हें 16 मई को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले भी इस मामले में कई राज्यों में कार्रवाई की जा चुकी है।

अब तक इस केस में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर सहित विभिन्न स्थानों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से सबसे अधिक गिरफ्तारियां महाराष्ट्र से हुई हैं।

जांच एजेंसियों का कहना है कि पेपर लीक नेटवर्क का दायरा महाराष्ट्र से राजस्थान और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर के प्रिंट आउट निकालकर उन्हें बेचने का भी नेटवर्क सक्रिय था, जो इस गड़बड़ी का प्रमुख केंद्र माना जा रहा है।

CBI अब उन अभिभावकों और व्यक्तियों की सूची तैयार कर रही है जिनके बैंक खातों से कथित तौर पर संदिग्ध लेन-देन हुए हैं। एजेंसी को संदेह है कि इस पूरे नेटवर्क में कुछ बाहरी लोग भी शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। 7 मई को गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद मामला जांच एजेंसियों को सौंपा गया था और 12 मई को परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।CBI का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts