बंगाल में चुनावी खूनी खेल  एक भाजपा व टीएमसी  कार्यकर्ता  की मौत 

 काेलकाता ।  पश्चिम बंगाल में चुनाव के नतीजे आते ही एक बार फिर हिंसा का तांडव शुरू हो गया है। ताजा मामला बिधाननगर कमिश्नरेट के अंतर्गत राजारहाट-न्यू टाउन विधानसभा क्षेत्र का है, जहाँ भाजपा की जीत से बौखलाए तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल (46 वर्ष) की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इस घटना के बाद पूरे बालिगुड़ी और चक पचुरिया इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल के साथ CRPF को तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, राजारहाट-न्यू टाउन सीट पर भाजपा प्रत्याशी पीयूष कानोडिया की 316 वोटों से जीत के बाद जश्न का माहौल था। सोमवार को मधु मंडल अपने घर के पास भाजपा का झंडा लगा रहे थे, तभी स्थानीय टीएमसी कार्यकर्ता कमल मंडल से उनकी तीखी बहस हुई। आरोप है कि मंगलवार को मधु मंडल को दोबारा उसी जगह बुलाया गया, जहाँ टीएमसी समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला बोल दिया।

सीने पर मारी लात, अस्पताल ले जाते समय मौत

प्रत्यक्षदर्शियों और भाजपा समर्थकों का आरोप है कि बहस के दौरान टीएमसी नेता और पंचायत समिति सदस्य कमल मंडल ने मधु को जोरदार धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद कमल ने उनके सीने पर पूरी ताकत से लात मारी, जिससे मधु मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें 'मृत घोषित' कर दिया। भाजपा का दावा है कि हार की बौखलाहट में टीएमसी ने जानबूझकर उनके कार्यकर्ता को निशाना बनाया है।

आरोपी फरार, आक्रोशित भीड़ पर पुलिस का लाठीचार्ज

हत्या की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और आरोपी कमल मंडल के घर और पार्टी दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। आरोपी कमल मंडल फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ 'गैर-इरादतन हत्या' का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात नवनिर्वाचित भाजपा विधायक पीयूष कनोडिया ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

टीएमसी की सफाई: "हादसा था, मधु दिल का मरीज था"

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। टीएमसी का दावा है कि मधु मंडल पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित थे और उनके सीने में स्टेंट लगा हुआ था। पार्टी का कहना है कि घटना के समय वह नशे में थे और धक्का लगने के बाद गिरने से उन्हें हार्ट अटैक आया होगा। टीएमसी ने इसे हत्या नहीं, बल्कि एक 'हादसा' करार दिया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts