भाजपा के युवा मंडल अध्यक्ष समेत तीन की मौत
शादी समारोह से लौटते समय हुआ सड़क हादसा, एक गंभीर, परिवार में मचा कौहराम
मेरठ। स्याना से शादी समारोह से मेरठ लौट रहे भाजपा युवा मोर्चा जागृति विहार मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम पसर गया।
उत्तराखंड कॉलोनी निवासी भाजपा युवा मोर्चा जागृति विहार मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी अपने दोस्तों लवी, ललित चौहान और मिथुन के साथ स्याना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात सभी कार से वापस मेरठ लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि हापुड़ पहुंचने पर रास्ते में उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में भाजपा नेता विशांत त्यागी, स्याना निवासी लवी और मेरठ के मुरलीपुरा निवासी मिथुन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मूल रूप से स्याना के रहने ललित चौहान को आनन-फानन में मेरठ के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया है कि ललित चौहान और लवी मूल रूप से स्याना क्षेत्र के रहने वाले थे और कई वर्षों से मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित उत्तराखंड कॉलोनी में रहकर विशांत त्यागी की पार्टनरशिप में नवजीवन हॉस्पिटल चलाते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन बदहवास हालत में स्याना पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रोते-बिलखते परिजनों की चीखें हर किसी की आंखें नम कर रही थीं। किसी मां का जवान बेटा चला गया तो किसी बहन का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।स्याना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं तीनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इलाके में शोक की लहर है और लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।


No comments:
Post a Comment