बिजली कटौती से नाराज लोगों ने सबस्टेशन पर ताला डाला
सबस्टेशन छोड़कर भागे कर्मचारी, पार्षद की दरोगा से जमकर नोकझोंक
मेरठ। 15 घंटे की बिजली कटौती से गुस्साए लोगों ने मोहनपुरी सब स्टेशन पर ताला डाल दिया। हंगामा इस कदर हुआ कि सब स्टेशन पर मौजूद स्टाफ ड्यूटी छोड़कर भाग निकला। इसकी सूचना पाकर एसडीओ मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुला लिया।मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे सबस्टेशन का ताला खुलवाया। इसके बाद फाल्ट ठीक करने की कार्रवाई शुरू हुई। हालांकि ठीक होने के 1 घंटे बाद दोबारा फाल्ट हो गया।
मोहनपुरी बिजली घर से पुरानी मोहन पुरी, सुभाष नगर और न्यू हनुमानपुरी को बिजली आपूर्ति होती है। कई दिन से यहां की आपूर्ति पटरी से उतरी हुई है। बुधवार रात करीब 12 बजे यहां फिर फाल्ट हो गया इसके बाद पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।लोगों ने बिजली घर पर शिकायत की तो पता चला लीड फुंकने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। करीब 1 घंटे बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। आरोप है कि फाल्ट ठीक होने के कुछ देर बाद ही दोबारा फाल्ट हो गया और इस बार ट्रांसफार्मर को भी नुकसान पहुंचा। लोग इंतजार करते रहे लेकिन कोई ठीक करने नहीं आया।
सुबह 4:30 बजे बिजली घर पर हंगामा
पूरी रात मोहनपुरी, हनुमानपुरी और सुभाष नगर के लोग लाइट आने का इंतजार करते रहे लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हुआ और आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। इससे गुस्सा आए पुरानी मोहनपुरा और न्यू हनुमान पुरी के लोग सुबह 4:30 बजे न्यू मोहनपुरी स्थित बिजली घर पहुंच गए और हंगामा कर दिया। हंगामा इतना बड़ा की वहां मौजूद स्टाफ भाग निकला।
सबस्टेशन पर लोगों ने डाला ताला
जिस वक्त यह हंगामा हुआ उसे वक्त काफी अंधेरा था। इसके बावजूद लोग सब स्टेशन पर डटे रहे और अफसरों के आने का इंतजार करते रहे। काफी देर तक जब कोई नहीं आया तो लोगों ने सबस्टेशन के गेट पर ताला डाल दिया।करीब 45 मिनट बाद एसडीओ लेडीज पार्क मौके पर पहुंचे और लोगों से बात की। लोग ताला नहीं खुलने दे रहे थे। ऐसे में एसडीओ ने पुलिस को बुला लिया।
भाजपा पार्षद की दरोगा से हुई नोकझोंक
लोगों का हंगामा बढ़ता जा रहा था। भाजपा पार्षद उत्तम सैनी उनके साथ मौजूद थे। सिविल लाइन थाने के एक दरोगा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को फटकारना शुरू किया तो पार्षद भी गरम हो गए।इसके बाद पार्षद और दरोगा में नोक झोक शुरू हो गई। दरोगा ने मुकदमा करने की धमकी दी तो पार्षद वहीं धरने पर बैठ गए। काफी देर गहमा गहमी होती रही। बमुश्किल समझाने पर लोग शांत हुए और फाल्ट ठीक किया गया।
आधा घंटे बाद फिर हुआ फाल्ट
जैसे-तैसे आपूर्ति बहाल हुई। विद्युत कर्मियों ने फुंकी हुई लीड को बदल दिया और लौट गए। करीब आधा घंटे बाद उसी लीड में दोबारा फाल्ट हो गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। पार्षद उत्तम सैनी ने एसडीओ से बात की। इसके बाद 10:00 बजे दोबारा टीम पहुंची और फाल्ट ठीक करने का काम शुरू किया। शाम 4:00 बजे किसी तरह आपूर्ति बहाल हो पाई।
पार्षद बोले- घटिया माल इस्तेमाल हो रहा
भाजपा पार्षद उत्तम सैनी ने कहा कि बार-बार हो रहे फाल्ट की वजह घटिया माल है। ठेकेदार घटिया लीड का इस्तेमाल कर रहा है, जिस कारण लीड लोड नहीं झेल पा रही। किसी के कारण फाल्ट हो जाता है और विभाग के साथ-साथ आम उपभोक्ता को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। अगर मैटिरियल मानक के अनुसार प्रयोग में लाया जाए तो फाल्ट अपने आप घट जाएंगे।


No comments:
Post a Comment