बंगाल में सियासी घमासान

 ममता बनर्जी बोली- हारी नहीं हूं, इस्तीफा नहीं दूंगी

 कहा भाजपा से मिलकर 100 सीटें लूटीं, मैं आजाद पंछी, शेर की तरह लडूंगी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए और बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की करीब 100 सीटें “छीन ली गईं” और यह पूरी लड़ाई चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ थी।

ममता बनर्जी ने कहा कि यह परिणाम लोकतंत्र के लिए “काला दिन” है और मुख्य चुनाव आयुक्त को उन्होंने इस पूरे चुनाव का “खलनायक” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान और मतगणना प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुईं और काउंटिंग सेंटरों पर कब्जा करने की कोशिश की गई। कहा कि 'मैं एक आजाद पंछी हूं. मैंने अपनी पूरी जिंदगी सेवा में लगा दी है.।  इस्तीफे के लिए लोकभवन जाने के सवाल पर ममता बनर्जी ने आगे कहा कि मैं लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी। मैं हारी नहीं हूं, हमें साजिश करके हाराया गया है। उन्होंने कहा कि मेरे पास अब कोई कुर्सी नहीं है और मैं एक आम नागरिक हूं।

उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा, 'बीजेपी ने गुंडों के साथ मिलकर पूरे बंगाल में जुल्म ढाना शुरू कर दिया है. पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. बीजेपी, टीएमसी की महिला समर्थकों को रेप की धमकियां दे रही हैं.'

ममता बनर्जी ने कहा कि 'अब मैं बिना किसी पद के नई दिल्ली के खिलाफ लड़ूंगी. मेरी पार्टी उन लोगों का साथ देगी, जिन पर बीजेपी के कार्यकर्ता जुल्म ढा रहे हैं.। 

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले चरण के बाद ही भारतीय जनता पार्टी ने अपनी बड़ी जीत के दावे शुरू कर दिए थे और इसके बाद कई जगहों पर काउंटिंग एजेंटों के साथ मारपीट और धमकी की घटनाएं हुईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय सुरक्षा बलों ने निष्पक्ष भूमिका नहीं निभाई और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें स्वयं भी काउंटिंग के दौरान प्रताड़ना का सामना करना पड़ा और कथित रूप से उन्हें धक्का देकर बाहर निकाला गया। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत बेइज्जती बताते हुए कहा कि इससे अन्य उम्मीदवारों के साथ हुए व्यवहार का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे राज्य में हिंसा, धमकी और दमन का माहौल बनाया गया है तथा उनकी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को भी डराने की कोशिश की गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि अब वह किसी पद पर न होते हुए भी केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगी और उनकी पार्टी उन लोगों के साथ खड़ी रहेगी जिन पर अत्याचार हो रहा है।उन्होंने दावा किया कि विपक्षी INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और कई नेताओं ने उनसे संपर्क कर समर्थन जताया है।

इस बीच चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि ममता बनर्जी ने इन नतीजों को स्वीकार करने से इनकार करते हुए इसे लोकतंत्र के साथ “खिलवाड़” बताया है।पूरा मामला अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है और आने वाले दिनों में इस पर और तीखी बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts