सीसीएसयू के पूर्व छात्र डॉ. सोमेंद्र तोमर को मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनने पर विवि परिवार ने किया अभिनंदन
कुलपति ने मंत्री सोमेन्द्र तोमर से विवि को केन्द्रीय विवि का दर्जा दिलवाने में मांगा सहयोग
मेरठ।सीसीएसयू में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के सैनिक कल्याण एवं राजनीतिक पेंशन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर का विवि पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। विवि की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विवि परिवार में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।
कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. सोमेंद्र तोमर को उत्तर प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. तोमर की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कुलपति ने कहा कि डॉ. सोमेंद्र तोमर का विश्वविद्यालय से गहरा जुड़ाव हमेशा बना रहा है। जब-जब विश्वविद्यालय को उनकी आवश्यकता पड़ी, उन्होंने हर संभव सहयोग प्रदान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन और सहयोग विश्वविद्यालय को निरंतर प्राप्त होता रहेगा।
प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने इस अवसर पर मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की दिशा में सहयोग करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और सामाजिक योगदान के आधार पर केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने की सभी संभावनाएं रखता है। यदि इसे केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त होता है तो न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई सुविधाएं और अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्वयं को केवल विश्वविद्यालय का पूर्व छात्र नहीं, बल्कि इस परिवार का अभिन्न हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने उन्हें शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी है।
डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति और विकास के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध हैं। विश्वविद्यालय को जब भी किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, वह हर संभव सहयोग देने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थान किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार होते हैं तथा सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर मृदुल कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉक्टर अनिल कुमार यादव, परीक्षा नियंत्रक, प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रोफेसर आर के सोनी, प्रोफेसर अतवीर सिंह, प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता, प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा, प्रोफेसर बिंदु शर्मा, प्रोफेसर रविंद्र कुमार, प्रोफेसर शैलेन्द्र शर्मा, प्रोफेसर अनुज कुमार , प्रोफेसर जमाल अहमद सिद्दीकी, डॉक्टर दुष्यंत चौहान, डॉक्टर अलका तिवारी, डॉक्टर योगेंद्र गौतम, डॉक्टर यशवेंद्र वर्मा, डॉक्टर वैशाली पाटिल, डॉक्टर विवेक कुमार सहित विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. सोमेंद्र तोमर को मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनने पर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।


No comments:
Post a Comment