अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़

2 गिरफ्तार, 3 पिस्टल और भारी मात्रा में उपकरण बरामद

 मेरठ।  पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। लिसाड़ी गेट पुलिस और स्वाट टीम प्रथम (नगर) की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से तीन तैयार पिस्टल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।

गुरुवार को पुलिस लाइन  में मीडिया के समक्ष   एसपी सिटी  विनायक गोपाल भोसले  ने बताया कि आरोपी इन अवैध पिस्टलों को 35 से 40 हजार रुपये में दूसरे जनपदों में बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर स्कूटी से जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पिलोखड़ी पुल के पास घेराबंदी कर शुऐब उर्फ शोएब उर्फ सैफ को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक .32 बोर पिस्टल, मैगजीन और स्कूटी बरामद हुई।

 सलमान व शान इलाही से हथियार लेकर करता था सप्लाई 

पूछताछ में शुऐब ने खुलासा किया कि वह सलमान और शान इलाही से हथियार लेकर उनकी सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लोहियानगर क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी में स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। यहां से शान इलाही उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

छापेमारी के दौरान गोदाम से दो देसी .32 बोर पिस्टल, मैगजीन और हथियार बनाने की एक मिनी फैक्ट्री मिली। पुलिस ने मौके से लोहे के पाइप, अर्धनिर्मित मैगजीन, ट्रिगर, हैमर, स्प्रिंग, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, गैस सिलेंडर, रेती, कटर ब्लेड सहित भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार बनाकर उनकी आपूर्ति कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारापुरी, लिसाड़ी गेट निवासी शुऐब उर्फ शोएब उर्फ सैफ और जैदी फार्म के पास, थाना नौचंदी निवासी शान इलाही उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शुऐब पर चोरी, हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शान इलाही पर भी पूर्व में विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस फिलहाल इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके हथियार आपूर्ति नेटवर्क की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts