न्यू टाऊनशिप  के ले आऊट पर जून तक लग जाएगी मोहर 

आज मेडा में टेंडर डालने वाली कंपनियां देगी प्रस्तुतिकरण 

इसी साल दीपावली तक टाउनशिप के दो सेक्टर लांच करने की तैयारी

मेरठ।मेरठ - दिल्ली रोड पर  प्रदेश की पहली टीओडी टाउनशिप के लिए जहां एक तरफ भूमि खरीद चल रही है, लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया भी जारी है। लेआउट तैयार करने के लिए जिन तीन कंपनियों ने टेंडर डाला है। शुक्रवार यानी आज कंपनियां प्रस्तुतीकरण देंगी। इस प्रस्तुतीकरण का अंक भी उनके चयन में जुड़ेगा। जून के अंत तक लेआउट तैयार करके उस पर मुहर लग जाएगी। मेडा दीपावली तक टाऊनशिप के दो सेक्टर लांच करने की तैयारी करने में जुटी है। 

दिल्ली रोड पर मोहिउद्दीनपुर समेत चार गांवों की जमीन खरीद कर 294 हेक्टेयर में टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है। इसका लेआउट तैयार करने के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने टेंडर आमंत्रित किया था। इसके लिए तीन कंपनियों ने टेंडर डाला था। इन कंपनियों के साथ प्री-बिड मीटिंग भी हो चुकी है। कौन सी कंपनी किस तरह का लेआउट तैयार करेगी, किस तरह से विश्वस्तरीय टाउनशिप रहेगी। कम लागत में बेहतर गुणवत्ता कैसे दी जा सकेगी। उसके पिछले अनुभव का क्या लाभ मिलेगा, जैसे बिंदुओं को लेकर अब प्रस्तुतीकरण होगा।

कंपनियों को प्रस्तुतीकरण के आधार पर अंक निर्धारित किए जाएंगे। इसके बाद जब तकनीकी बिड व वित्तीय बिड खुलेगी तो उसमें प्रस्तुतीकरण वाले अंक भी जुड़ेंगे। जिस कंपनी का चयन होगा उस कंपनी को एक महीने के अंदर लेआउट बनाकर देना होगा, ताकि उसके बाद जल्द से जल्द बोर्ड से स्वीकृति ली जा सके। बोर्ड से स्वीकृति के बाद रेरा का पंजीकरण भी कराया जाएगा। इसी साल दीपावली तक टाउनशिप के दो सेक्टर लांच करने की तैयारी है। जब लेआउट तैयार हो जाएगा तभी उसके आधार पर विकास कार्य किया जा सकेगा। दो फेस में प्रस्तावित टाउनशिप 31 सेक्टरों में विकसित की जाएगी। मेडा के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि कंपनियों का प्रस्तुतीकरण प्रमुख हिस्सा है, इसके आधार पर देखा जाएगा कि कौन सी कंपनी कैसा लेआउट बना सकती है। पूर्व के कार्यों की भी परख हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts