कुर्बानी के पशु का खून बहाने का विरोध करना पड़ा भारी

 किराना व्यापारी व पत्नी से की अभद्रता; पुलिस बल तैनात

मेरठ। थाना क्षेत्र के गांव पोहल्ली में ईद के मौके पर कुर्बानी के बाद नाले में पशु का खून बहाने का विरोध करना किराना व्यापारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने व्यापारी से अभद्रता कर मारपीट का प्रयास किया। साथ ही उसकी पत्नी से भी अभद्रता की, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। उधर, मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात की गई है।

पोहल्ली निवासी अनिल कश्यप पुत्र धर्म सिंह का मकान मुस्लिम आबादी में है। घर के बाहर उनकी किराना की दुकान है। ईद पर गुरुवार को पशु की कुर्बानी के बाद नाली में खून बह आया था। तभी नाली चोक होने पर खून सड़क पर पानी के साथ बहने लगा। जब अनिल कश्यप ने विरोध किया तो आरोप है कि मुस्लिम समाज के लोग एकत्र होकर उसकी दुकान पर पहुंचे व वहां गाली-गलौज शुरू हो गई। इस दौरान आरोपितों ने दुकान में घुसकर मारपीट का प्रयास किया।

शोर-शराबा होने पर अनिल की पत्नी जितेंद्री भी वहां आ गईं। जिसके बाद आरोपितों ने उनसे भी अभद्रता की। तभी सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मुस्लिम समाज के कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने आ गई। फिलहाल गांव में घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी है। उधर, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर पुलिस ने पीड़ित को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

दिनेश प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts