मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त की अगुवाई में गन्ना सर्वे महाअभियान तेज
3.96 लाख हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र के सर्वे हेतु 898 कर्मियों की तैनाती
1 मई से आरम्भ डिजिटल गन्ना सर्वे हेतुु 470 सर्किल गठित
581 एचएचसी मशीनों के जरिए सर्वे महा-अभियान को दी गई गति
30 जून 2026 तक पूर्ण किया जायेगा गन्ना सर्वेक्षण अभियान
मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र में 1 मई, 2026 से पेराई सत्र 2026-27 वास्ते परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त, राजीव राय के कुशल नेतृत्व में सर्वेक्षण महाअभियान आरम्भ हो चुका है। गन्ना सर्वेक्षण के माध्यम से गन्ना कृषकों द्वारा बुवाई की गई फसल के वास्तविक क्षेत्रफल, प्रजातिवार स्थिति एवं उत्पादन सम्भावनाओं का आंकलन किया जायेगा, जिसे 30 जून 2026 तक पूर्ण किया जाना है।
बता दें कि सर्वेक्षण से सम्बंधित विभागीय आंकड़ों के अनुसार गत पेराई सत्र 2025-26 में परिक्षेत्र मेरठ के अन्तर्गत पौधा गन्ना का क्षेत्रफल 1,95,036 हे., पेड़ी गन्ना का क्षेत्रफल 2,01,433 हे. तथा कुल गन्ना क्षेत्रफल 3,96,469 हे. आंकलित किया गया था। इस वर्ष लगभग 2,787 राजस्व गन्ना ग्रामों में लगभग 5,70,640 कृषकों का गन्ना सर्वे कार्य प्रस्तावित है।
परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य हेतु परिक्षेत्र में कुल 470 सर्किल गठित किए गए हैं, जिनमें 581 हैंडहेल्ड कम्प्यूटर के माध्यम से सर्वे महाअभियान को गति दी जा रही है, जिससे समय पर गन्ना सर्वे कार्य पूर्ण हो सके। सर्वे कार्य हेतु 224 गन्ना पर्यवेक्षक, 115 समिति कार्मिक एवं 559 चीनी मिल कार्मिक सहित कुल 898 दक्ष कार्मिकों की फील्ड में तैनाती की गयी है जिनके माध्यम से सर्वेक्षण अभियान को गति मिल रही है।
गन्ना कृषकों के खेतों में पौध गन्ने का सर्वेक्षण एवं पेडी गन्ने का सत्यापन करने के उपरान्त गन्ना क्षेत्रफल से सम्बंधित आंकडों को एच.एच.सी. डिवाईस के माध्यम से सीधे गन्ना विकास विभाग के सर्वर पर ऑनलाईन अपलोड किया जायेगा, चीनी मिलें भी सर्वे कार्य पूर्ण हाने के बाद सम्बंधित आंकडों को अपनी वेबसाईट पर परदर्शित करेंगी एवं इसकी सूचना गन्ना किसानों को उनके पंजीकृत मोबाईल पर एस.एम.एस. के माध्यम से प्रेषित की जायेगी।


No comments:
Post a Comment