महिला आयोग की सदस्य डा. हिमानी अग्रवाल ने सुनी महिलाओं की पीड़ा
ज्यादातर शिकायतों को मौके पर किया निस्तारण
मेरठ। सर्किट हाउस में गुरुवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने महिला जनसुनवाई की। इस दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। जहां महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, छेड़खानी, मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, जमीन और संपत्ति विवाद के साथ वृद्ध महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामले सामने आए। कई महिलाओं ने पारिवारिक परेशानियों और मानसिक तनाव की शिकायत भी की।
जनसुनवाई में पुलिस से जुड़े 9 प्रार्थना पत्र मिले। डॉ. हिमानी अग्रवाल ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस तुरंत कार्रवाई करे और महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने महिलाओं से खुलकर अपनी बात रखने की अपील भी की। साथ ही कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाया जाए।
डॉ. हिमानी अग्रवाल ने बताया कि अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं कुछ मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द राहत मिल सके। आयोग के अनुसार इस बार किसी भी मामले को लंबित नहीं रखा गया।इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महिला थाना पुलिस, एएचटीयू टीम, महिला एवं बाल विकास विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment