गर्भवती पत्नी को धोखा देकर की दूसरी शादी

विरोध करने पर सिर फोड़ा; अन्य मामले में प्रेमी ने युवती को बेरहमी से पीटा

मेरठ। एक कालोनी निवासी युवक ने गर्भवती पत्नी को धोखा देकर दूसरी शादी कर ली। दवाई देकर महिला का गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर युवक ने पिता व भाइयों संग मिलकर महिला से मारपीट की। तमंचे की बट मारकर सिर फोड़ दिया। महिला ने थाना नौचंदी पर पति,ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

लोहियानगर क्षेत्र की एक कालोनी निवासी महिला ने बताया कि 12 वर्ष पहले उसकी पहचान ढवाई नगर क्षेत्र में रहने वाले मोनीश से हुई थी। आरोपित उसके घर आने लगा। शादी का झांसा देकर उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में दबाव बनाने पर उसने निकाह कर लिया। कुछ समय बाद आरोपित ने दूसरी शादी कर ली। महिला का आरोप है कि गर्भवती होने पर आरोपित ने दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर उसके साथ मानसिक व शारीरिक शोषण किया गया।

8 मई दोपहर वह दवाई लेकर ढ़वाई नगर से घर आ रही थी। रास्ते में मोनीश, उसके पिता, भाई और चाचा ने उसे रोक लिया। गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की। तमंचे की बट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। शोर मचाने पर राहगीरों के आने पर आरोपित फरार हो गए। महिला की तहरीर पर नौचंदी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर ली है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

एक अन्य घटना में लोहियानगर निवासी एक युवती को उसका प्रेमी अकबर कार से हापुड़ रोड पर ग्राम जमनानगर स्थित होटल रायल में खाना खिलाने ले गया। यहां उसने युवती से दूसरे लोगों ने बात करने से मना किया। युवती ने उससे शादी करने को कहा। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई। युवती का आरोप है कि आरोपित ने उसे कार में मारना पीटना शुरू कर दिया। उसे बेरहमी से पीटा गया। उसके कपड़े फाड़ दिए।

विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपित उसे लेकर उसकी कालोनी में आया और गाड़ी से धक्के मारकर बाहर निकाला और फरार हो गया। युवती ने थाना लोहियानगर पहुंचकर आरोपित के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts