वेतन न मिलने पर सीएचओ ने घेरा सीएमओ कार्यालय
भुगतान न मिलने पर दी आंदोलन की चेतावनी
मेरठ। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने लंबित वेतन, पीबीआई और अन्य भुगतान की मांग को लेकर सीएमओ कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स उत्तर प्रदेश ने पहले ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर प्रदर्शन की सूचना दी थी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 19 मई 2026 को सीएमओ कार्यालय में ज्ञापन देकर लंबित भुगतान की समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को वेतन और अन्य भुगतान नहीं मिला। जिला सचिव अंकुर ने कहा कि भुगतान न होने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कर्मियों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में सीएचओ कर्मियों ने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी। धरने में जिला अध्यक्ष समेत विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment