सीएम सुवेंदु की सुरक्षा में 'दोहरा पहरा'

 राज्य पुलिस के साथ तैनात रहेगी केंद्रीय फोर्स

 कोलकाता। बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य प्रशासन कोई जोखिम उठाने के मूड में नहीं है। हाल ही में उनके करीबी सहयोगी (व्यक्तिगत सहायक) चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या के बाद, मुख्यमंत्री की सुरक्षा को 'अभेद्य' बनाने की तैयारी कर ली गई है।

नवान्न सूत्रों के मुताबिक, राज्य पुलिस के साथ-साथ अब केंद्रीय अर्धसैनिक बल भी अगले कुछ महीनों तक मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में तैनात रहेंगे।

सुवेंदु अधिकारी का केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पुराना नाता रहा है। साल 2020 में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद से ही उन्हें केंद्रीय सुरक्षा प्रदान की गई थी। 2021 में विपक्ष के नेता के रूप में उन पर हुए कई जानलेवा हमलों के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दी थी।

हालांकि, मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही नियमतः राज्य पुलिस सुरक्षा की कमान संभालती है, लेकिन छह मई की रात मध्यमग्राम में उनके सहायक की 'सुपारी किलर' द्वारा हत्या ने खुफिया एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।

सुवेंदु नहीं पसंद करते हैं तामझाम

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि सुवेंदु अधिकारी अपनी सुरक्षा को लेकर बहुत ज्यादा तामझाम पसंद नहीं करते। वे नहीं चाहते कि सुरक्षा कारणों से उनके जनसंपर्क या कार्यक्रमों में कोई बाधा आए। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा का ऐसा खाका तैयार किया गया है जो प्रभावी भी हो और मुख्यमंत्री के कामकाज में दखलअंदाजी भी न करे।फिलहाल, राज्य और केंद्र की संयुक्त सुरक्षा मुख्यमंत्री के इर्द-गिर्द एक मजबूत सुरक्षा कवच तैयार करेगी।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts