...जब न्याय की भाषा में इंसान छोटे पड़ जाएं!

- हिमानी चौधरी

पहली नज़र में "काक्रोच जनता पार्टी" सिर्फ एक मीम लगता है। एक अंटरनेट जोक एक और वायरल ट्रेंड। लेकिन हर दौर में कुछ मज़ाक ऐसे होते हैं, जो हँसी से ज्यादा दर्द छुपाते हैं। यह ट्रेंड दरअसल उस पीढ़ी की चुप्पी का विस्फोट है जिसने बचपन से यही सुना कि "पढ़ोगे-लिखोगे तो कुछ बनोगे।" उन्होंने पढ़ाई की, डिग्री लीं, कोचिंग में सालों बिताए, घरवालों के सपनों का बोझ उठाया। लेकिन जब नौकरी का समय आया, तो उन्हें वैकेंसी से ज्यादा "पेपर लीक" मिले, रिजल्ट से ज्यादा "पेंडिंग" मिला, और मेहनत से ज्यादा अपमान मिला।

युवाओं का गुस्सा सिर्फ बेरोज़गारी पर नहीं है। उनका गुस्सा उस एहसास पर है कि सिस्टम अब उन्हें इंसान की तरह नहीं, बल्कि नंबर्स की तरह देखता है। और जब बेरोज़गार युवाओं के लिए "कॉकरोच" जैसा शब्द इस्तेमाल किया गया, तो वह सिर्फ एक बयान नहीं रहा। वह उस मानसिकता का प्रतीक बन गया, जहाँ संघर्ष कर रही एक पूरी पीढ़ी खुद को अपमानित महसूस करने लगी। कॉकरोच एक ऐसा जीव जिसे लोग कुचल देने लायक समझते हैं, जिसकी मौजूदगी को गंदगी से जोड़ दिया जाता है। जब यही शब्द युवाओं के लिए इस्तेमाल होता है, तो चोट सिर्फ भाषा से नहीं लगती... चोट इस बात से लगती है कि शायद व्यवस्था अब उनकी पीड़ा को महसूस ही नहीं करना चाहती।

इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा हुआ, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। "काक्रोच" शब्द पर शुरू हुआ व्यंग्य देखते ही देखते "काक्रोच जनता पार्टी" में बदल गया। शुरुआत कुछ मीम्स और पोस्ट से हुई, लेकिन कुछ ही दिनों में यह एक डिजिटल अभियान जैसा दिखाई देने लगा। सिर्फ 5 दिनों में 14.8 मिलियन से ज्यादा लोग इस ट्रेंड से जुड़ गए। लोगों ने अपनी प्रोफाइल बदलनी शुरू की, मीम्स बनाए, वीडियो डालीं और कमेंट सेक्शन को अपनी नाराजगी की आवाज बना दिया।

सबसे खास बात यह रही कि यह ट्रेंड सिर्फ मज़ाक तक सीमित नहीं रहा। बेरोज़गारी, पेपर लीक, भर्ती में देरी और युवाओं की लगातार अनदेखी जैसे मु‌द्दे इसके केंद्र में आते चले गए। हर नयी पोस्ट मानो यही कह रहा था कि यह सिर्फ इंटरनेट ह्यूमर नहीं, बल्कि एक पूरी पीढ़ी की हताशा और गुस्से की अभिव्यक्ति है।
अब सवाल यही उठ रहा है क्या "काक्रोच जनता पार्टी" सिर्फ एक वायरल ट्रेंड बनकर रह जाएगी, या यह आने वाले समय में किसी बड़े डिजिटल आंदोलन की शुरुआत साबित हो सकती है? क्योंकि जिस तेजी से लोग इससे जुड़ रहे हैं, उसने यह साफ कर दिया है कि यह मुद्दा केवल मीम कल्चर तक सीमित नहीं रहा। यह उस बेचैनी की आवाज़ बनता जा रहा है, जिसे लंबे समय से अनसुना किया जा रहा था।
 अब सबसे दिलचस्प बात यह है कि लोग इस "काक्रोच जनता पार्टी" से मज़ाक में नहीं, भावनात्मक रूप से जुड़ते जा रहे हैं। क्योंकि यह किसी पालिटिकल आइडियोलाजी से ज्यादा, एक कलेक्टिव फ्रस्ट्रेशन का प्रतीक बन चुका है। हर शेयर, हर मीम, हर कमेंट दरअसल एक ही बात कह रहा है "हम नाराज़ हैं, हम थक चुके हैं, और अब हम अपनी छुपाकर नहीं कहेंगे।" और शायद यही इस पूरे ट्रेंड की सबसे बड़ी विडंबना है जो शब्द अपमान बनाकर बोला गया था, आज वही लाखों युवाओं की पहचान बनता जा रहा है। मान बेरोज़गार युवा अब यही कह रहा हो हाँ, हम कॉकरोच हैं।"
(शोधार्थी)

No comments:

Post a Comment

Popular Posts