सपा विधायक शाहिद मंजूर 48 घंटे से हाउस अरेस्ट

बुलंदशहर में धरनारत किसानों से मिलने जाने से रोका

मेरठ।  किठोर सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक शाहिद मंजूर को पुलिस ने पिछले 48 घंटे से हाउस अरेस्ट किया हुआ है। शाहिद मंजूर बुलंदशहर में प्रदर्शन कर रहे किसानों से मिलने उनके पास जा रहे थे।

शाहिद मंजूर ने बताया कि बुलंदशहर में गांव बाहव के किसान धरने पर बैठे हैं। ये वो किसान हैं जिनकी जमीनें गंगाएक्सप्रेस वे के अधिग्रहण में आ रही हैं। जमीनों का सही दाम न मिलने से परेशान किसान यहां धरनारत हैं।वो अपने हक के लिए आवाज उठा रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के कुछ नेताओं से कहा कि हम लोग उन किसानों के पास जाकर उनकी परेशानी को साझा करें। उनके दुख में उनके साथ रहे।

इसी के नाते मुझे भी उन किसानों से मिलने बुलंदशहर जाना है। लेकिन मुझे अपने ही घर में कैद कर दिया है। मैं अपने घर से कहीं नहीं जा पा रहा हूं। अगर मैं डॉक्टर के यहां भी जाऊं तो मेरठ पुलिस के दरोगा, पुलिसकर्मी मेरे साथ ही लगे हैं।

घर से बाहर तक हर जगह पुलिस का पहरा

बताया कि मैं शादियों से लेकर लोगों के यहां शोकसंवेदनाओं में जा रहा हूं तो भी पुलिस का पहरा साथ चल रहा है। दो दर्जन से भी अधिक पुलिसकर्मी मेरे पूरे घर, घर के बाहर की सड़क पर पहरा लगा रखा है। मैं जरुरत पर भी जा रहा हूं तो जाने नहीं दे रहे हैं।

हमारे सभी नेताओं को पुलिस ने नजरबंद किया है। हमें बुलंदशहर जाने से रोका जा रहा है। मुख्य वजह यह है कि हम बुलंदशहर न जाएं। सरकार को ये डर लग रहा है कि सपा सरकार का प्रतिनिधिमंडल कहीं जाकर किसानों से न मिल ले। इससे यूपी सरकार को भय लग रहा है।

अधिकारी अतिउत्साहित होकर ऐसा करते हैं

कहा कि कभी-कभी अफसर अतिउत्साहित होकर सरकार को अपनी प्रतिबद्धता दिखलाते हुए कुछ ज्यादा ही कर देते हैं। कहा कि मैं अफसरो ंसे कहूंगा कि पहले जनप्रतिनिधि के चरित्र को भी माप लेना चाहिए। मुझे 35 साल से अधिक समय राजनीति में हो चुका है।

मैं 4 बार का विधायक हूं, पूर्व कैबिनेट मंत्री हूं, हम जनता को फंसाने वाले हैं या समस्या का हल कराने वाले हैं। इसको अफसरों को जरुर समझना चाहिए लेकिन अधिकारी ये नहीं समझ रहे हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts