कॉलेज में नौकरी लगवाने के नाम पर 13 लाख की ठगी
शिक्षक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज, जांच पड़ताल आरंभ
मेरठ। फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के ही एक शिक्षक ने अपने परिवार के साथ मिलकर एक ग्रामीण से ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
बागपत के दोघट क्षेत्र के बोपुरा गांव निवासी साबूदीन ने फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के शिक्षक तैय्यब पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साबूदीन के अनुसार, तैय्यब ने कई साल पहले उनके बेटे आरिफ के लिए इसी कॉलेज में लिपिक के पद पर नौकरी लगवाने का लालच दिया था। इस नौकरी के एवज में तैय्यब ने कुल 15 लाख रुपये की मांग की थी।
साबूदीन ने बताया कि उन्होंने तैय्यब, उसकी पत्नी नसीमा और बेटे शोएब चौधरी के खातों में कई किस्तों में कुल 13 लाख रुपये जमा कर दिए। पैसे जमा कराने के एक महीने बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो साबूदीन ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर दिसंबर 2025 में तैय्यब ने उन्हें ढाई लाख रुपये का एक चेक दिया, लेकिन वह भी बाउंस हो गया।
पैसा वापस मांगने पर एफआईआर की धमकी
आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर तैय्यब और उनके परिवार ने साबूदीन को जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर साबूदीन ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने मामले की जांच की और फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के शिक्षक तैय्यब, उनकी पत्नी नसीमा और बेटे शोएब चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी केवल सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment