शारदा रोड पर कपड़े की दुकान में भीषण आग
कई दुकानें चपेट में आईं, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
मेरठ। शारदा रोड स्थित अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। दमकल की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शारदा रोड स्थित अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में स्थित गायत्री ट्रेडर्स नाम की कपड़े की दुकान में सबसे पहले आग लगी। कुछ ही देर में आग पास की दुकानों तक फैल गई। बताया जा रहा है कि बंसल कॉस्मेटिक की दुकान भी आग की चपेट में आ गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बाजार में मचा हड़कंप
आग लगने की खबर मिलते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानों को बंद कर दिया और मौके से दूर हट गए। स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
दमकल विभाग आग बुझाने में जुटा
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन के अनुसार आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment