राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता–2026 का भव्य शुभारम्भ

मेरठ।विधि संकाय, मेरठ कॉलेज, मेरठ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता–2026 का प्रथम दिवस शनिवार को मेरठ कॉलेज स्थित मूट कोर्ट हॉल में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति विवेक चौधरी, न्यायाधीश, दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने विधि शिक्षा में मूट कोर्ट की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह छात्रों के व्यक्तित्व, तर्कशक्ति एवं व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए मेरठ कॉलेज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख किया और प्रतिभागियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं नैतिकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता  के.के. शर्मा (45 वर्षों का अनुभव) ने अपने अनुभव साझा करते हुए एक सफल अधिवक्ता बनने के लिए निरंतर परिश्रम, ईमानदारी एवं विधिक ज्ञान की गहराई पर बल दिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य प्रो. युधवीर सिंह ने स्वागत भाषण दिया। विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रवीण दुब्लिश ने अपने उद्बोधन में देशभर से आए प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए मूट कोर्ट की विधि छात्रों के लिए उपयोगिता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला तथा सभी को स्वस्थ एवं प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में भाग लेने हेतु शुभकामनाएँ दीं। और बताया कि इस प्रतियोगिता में पुरस्कार राशी ₹51000/- है जो टीम विनर, बेस्ट Mooter, रिसर्चर, मेमोरियल को वितरित किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. अग्रवाल ने की। मानद सचिव श्री विवेक गर्ग एवं पूर्व अध्यक्ष/पूर्व सचिव डॉ. राम कुमार गुप्ता ने भी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।धन्यवाद ज्ञापन सेवानिवृत्त अधिष्ठाता (विधि) प्रो. के.के. मित्तल द्वारा प्रस्तुत किया गया।

उद्घाटन सत्र के उपरांत प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौर आयोजित किए गए, जिसमें देशभर से आई 30 टीमों ने भाग लिया। इन दौर का मूल्यांकन जिला न्यायाधीश, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विधि शिक्षकों के प्रतिष्ठित पैनल द्वारा किया गया। पारदर्शी मूल्यांकन प्रणाली के आधार पर चयनित टीमें कल आयोजित होने वाले सेमीफाइनल में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

प्रथम दिवस के सफल आयोजन में संयोजक प्रो. एम.पी. वर्मा एवं अनुराग सिंह सहित प्रो. एच.एस. राय, प्रो. संगीता उपाध्याय, प्रो. के.के. गुप्ता, डॉ. आर. राम, आर.के. उपाध्याय, डी.एन. द्विवेदी, द्वारिका प्रसाद, मोहम्मद दानिश, कौशल पी. सिंह, जितेन्द्र यादव एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. अंजलि मित्तल तथा प्रो. गोपीचंद का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में अनेक सेवानिवृत्त शिक्षकों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन की सराहना की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts