खेल राज्य मंत्री  आज करेंगे मेजर ध्यानचंद खेल विवि का निरीक्षण व निर्माण कार्यों की होगी समीक्षा  

मेरठ। मुख्यमंत्री द्वारा निर्माण कार्य को 31 मई 2026 तक पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए थे। उक्त के अनुपालन में कार्य की प्रगति एवं समीक्षा हेतु उत्तर प्रदेश सरकार के  राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, गिरीश चंद्र यादव द्वारा आज  ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण एवं भ्रमण किया जाएगा।

इस अवसर पर माननीय मंत्री जी विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा करेंगे। निरीक्षण के दौरान वे संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की वर्तमान स्थिति का आकलन करेंगे तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे। निरीक्षण के समय माननीय मंत्री जी के साथ शासन द्वारा सचिव खेल सुहास एल.वाई की अध्यक्षता में गठित अनुश्रवण समिति के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे.समिति में निदेशक, योजना अनुश्रवण एवं मूल्य प्रबंधन प्रभाग (राज्य नियोजन संस्थान), निदेशक खेल (खेल निदेशालय), वित्त एवं लेखाधिकारी (खेल निदेशालय) तथा मुख्य अभियंता, पीएमजेएसवाई, लोक निर्माण विभाग, मेरठ सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं। उक्त अनुश्रवण समिति का गठन विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं प्रगति की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से किया गया है, जिससे परियोजना को उच्च मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री जी द्वारा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके और प्रदेश को शीघ्र ही एक अत्याधुनिक खेल विश्वविद्यालय की सौगात मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts