नारी शक्ति वंदन से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना: डॉ. शल्या राज”
मेरठ। 21वीं सदी में नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं युवा विजनरी डॉ. शल्या राज ने कहा कि “नारी शक्ति का वंदन ही विकसित भारत के सपने को साकार करने का सबसे मजबूत माध्यम है।” वह ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक संगोष्ठी में अध्यक्षता कर रही थीं। यह कार्यक्रम सीसीएसयू के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया।
अपने प्रभावशाली संबोधन में डॉ. शल्या राज ने कहा कि यह अधिनियम देश की माताओं, बहनों और बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं को ऐसे कानूनों की आवश्यकता है जो उन्हें आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर पूर्ण सुरक्षा प्रदान करें। नारी सम्मान और समान अवसर ही एक सशक्त राष्ट्र की पहचान है, और यही विकसित भारत के निर्माण का मूल मंत्र भी है।
उन्होंने आगे कहा कि समाज में महिला और पुरुष एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां एक ओर पुरुष की सफलता के पीछे महिला का योगदान माना जाता है, वहीं किसी महिला के नेतृत्वकर्ता बनकर आगे बढ़ने में भी पुरुषों की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण होती है। यह समन्वय ही समाज को संतुलित और प्रगतिशील बनाता है।
डॉ. शल्या राज ने अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ प्रस्तुत करना देश की महिलाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की अवधारणा को साकार करते हुए आज नारी शक्ति न केवल विकास की सहभागी बन रही है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नेतृत्वकर्ता की भूमिका भी निभा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री महिला कल्याण. बाल विकास एवं पुष्टाहार डॉ. प्रतिभा शुक्ला उपस्थित रहीं। उनके साथ स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक अमित अग्रवाल तथा मेरठ नगर निगम के महापौर हरिकांत अहलूवालिया, सतेंद्र सिसोदिया क्षेत्रीय भाजपा पश्चिम क्षेत्र, अभियान संयोजक बीना बाधवा, कार्यक्रम संयोजक पंकज कतीरा, बीजेपी जिला अध्यक्ष विवेक रस्तोगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान के शिक्षक डॉ. मनोज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय के द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं संवेदीकरण से जुड़े हुए कार्यक्रम समय समय पर आयोजित किए जाते हैं।
ज्ञात हो कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में ‘नारी शक्ति वंदन’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मेरठ में आयोजित यह संगोष्ठी महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सहभागिता को लेकर व्यापक संवाद का सशक्त मंच बनी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए।


No comments:
Post a Comment