बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार
भागने के प्रयास में पुलिस ने मारी गोली
बुलंदशहर । खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस ने ट्रिपल मर्डर केस के एक आरोपी की पुलिस मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने भागने की कोशिश की थी। पुलिस ने पैर में गोली मार दी। दरअसल, तीन हत्याओं की घटना में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इसमें एक आरोपी मयंक सैनी की निशानदेही पर पुलिस तमंचा बरामद करने जा रही थी। इसी दौरान मयंक ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसमें मयंक के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि खुर्जा के सुभाष मार्ग स्थित जिम में शनिवार रात को जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए विवाद में दस लोगों ने मिलकर दो भाई और उनके एक भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनसे पूछताछ की जा रही थी। सोमवार सुबह गिरफ्तार किए गए आरोपी मयंक सैनी की निशानदेही से अगवाल फ्लाईओवर के पास हथियार बरामद करने के लिए ले जाया गया।
जहां से आरोपी भागने लगा पुलिस ने जब आरोपी का पीछा किया तो उसने बरामद तमंचे से पुलिस पर फायरिंग की। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और उसके पैर में गोली लगी। मयंक घायल अवस्था में वहीं गिर गया, जिसको पुलिस ने तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया।
चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद, तीन की हत्या
बुलंदशहर के खुर्जा में जन्मदिन की पार्टी में चेहरे पर केक लगाने का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और पूर्व भाजपा सभासद के दो भाइयों अमरदीप व मनीष और भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुलंदशहर के खुर्जा में जिम के अंदर सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों जिम संचालक रूपेश सैनी, मयंक सैनी व नरेश सैनी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
पूर्व भाजपा सभासद संजय सैनी ने बताया कि उनके चाचा सरूप सैनी का बेटा अमरदीप (35) सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में जाता था। वहां उसकी दोस्ती जीतू सैनी से हो गई थी। जीतू का रविवार को जन्मदिन था, पर जिम में दोस्तों ने शनिवार रात को ही पार्टी रखी थी। इसमें 35-40 युवक मौजूद थे।
करीब 11:30 बजे जीतू ने केक काटा। मस्ती-मजाक के दौरान केट कटने के बाद अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया। इस पर जीतू और उसका दोस्त मयंक सैनी भड़क उठे। अमरदीप से बहस करने लगे। विवाद बढ़ा तो अमरदीप ने ताऊ के बेटे मनीष (32) व भतीजे आकाश (20) को फोन कर बुला लिया।
इन दोनों का भी उनसे विवाद हुआ। मनीष ने झगड़े की सूचना बड़े भाई संजय सैनी को दी, तो उन्होंने वहां से निकलने के लिए कहा। संजय ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद मयंक, उसका भाई रिंकू, जीतू, उसका भाई रवि सैनी, नरेश, भारत, मनीष, रुपेश, अनुज और सौरभ हथियारों के साथ जिम पहुंचे।
आरोप है कि इस दौरान जीतू व अन्य युवकों ने मनीष, अमरदीप व आकाश को पकड़ लिया और लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आकाश की पीठ पर गोली लगी। संजय घटनास्थल पर पहुंचे तो तीनों लहूलुहान पड़े थे और आरोपी फरार हो चुके थे। संजय की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कैलाश अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया।


No comments:
Post a Comment