ब्लास्ट से दहला रामगढ़ का इस्पात प्लांट
- 9 मजदूर झुलसे, सात की हालत गंभीररांची (एजेंसी)।रामगढ़ जिले के अरगड्डा मोड़ के पास हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्लांट में सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुए जोरदार हॉर्नेस ब्लास्ट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई, जिसकी चपेट में आकर 9 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद प्लांट में कामकाज कुछ समय के लिए ठप हो गया और मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
बताया जाता है कि रोज की तरह मजदूर काम में जुटे हुए थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई। प्लांट परिसर में धुआं और आग फैलने से मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घायलों की पहचान अखिला राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, राजू झा, छोटू साव, सुरेश बेदिया और इशया के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि 9 में से 7 मजदूरों की हालत बेहद गंभीर है और वे 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल रेफर किया गया है।


No comments:
Post a Comment