लखीमपुर खीरी में  अंबेडकर मूर्ति टूटने पर बवाल

 पुलिस पर पथराव-गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी, हालात बेकाबू

लखीमपुर खीरी। अंबेडकर जयंती के मौके पर जिले के गोला गोकर्णनाथ थाना क्षेत्र में उस समय हालात बिगड़ गए, जब बी आर आंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने रोड जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

हमीरपुर में महिला पीआरडी जवान ने कांस्टेबल पर लगाया उत्पीड़न का आरोप ये भी पढ़ें  हमीरपुर में महिला PRD जवान ने कांस्टेबल पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

जानकारी के अनुसार, बांकेगंज के मोतीपुर गांव में अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम के दौरान बौद्ध विहार की जमीन पर प्रतिमा स्थापित की जा रही थी। इसी बीच अनुमति को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि पुलिस ने मूर्ति हटवाने का प्रयास किया, जिसके दौरान छीना-झपटी में प्रतिमा टूट गई।

मूर्ति टूटने की खबर फैलते ही ग्रामीण भड़क उठे और हंगामा शुरू हो गया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव करते हुए सीओ और तहसीलदार की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। एक वाहन को पलट दिया गया और एक गाड़ी में आग भी लगा दी गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे हालात और बिगड़ गए। वहीं पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति विवादित जमीन पर मूर्ति स्थापित की जा रही थी और समझाने के दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।

इस दौरान भीड़ ने एक महिला के साथ मारपीट भी की, जिसे पुलिस ने घेरा बनाकर सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है और फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts