गाजियाबाद घटना के बाद मेरठ छावनी में सेना अलर्ट
अनाधिकृत रूप से रहने वालों के खिलाफ चलाया जा रहा कैंट क्षेत्र में अभियान
मेरठ। गाजियाबाद में स्लीपर सेल की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के घटनाक्रम को देखते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में मेरठ छावनी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सतर्कता बढ़ा दी है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और एक सुरक्षित व शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के साथ ही कैंट क्षेत्र में एक रह रहे गैर कानूनी और अनाधिकृत तरीके से रहने वालों की पहचान करने के लिए विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।इसके तहत सेना पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और पूरे क्षेत्र में दिन-रात की गश्त (पेट्रोलिंग) काफी तेज कर दी गई है।
हाल ही में गाजियाबाद में एक स्लीपर सेल द्वारा सीसीटीवी कैमरों को बग (हैक) किए जाने की घटना सामने आई थी। इस तरह की घटनाओं से सबक लेते हुए और संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए मेरठ कैंट में यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
पश्चिम यूपी सब एरिया की ओर से की जा रही इस सुरक्षा कवायद का मुख्य उद्देश्य किसी भी गैरकानूनी गतिविधि पर अंकुश लगाना और क्षेत्र में अनाधिकृत या अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध लोगों का सत्यापन करना है।
यह पूरा सुरक्षा अभियान स्थानीय पुलिस, छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) और स्थानीय निवासियों के आपसी समन्वय से चलाया जा रहा है। सैन्य अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह एक नियमित और एहतियाती प्रक्रिया है, जिसका मकसद आम जनता के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। सुरक्षा बल जनता के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील और मददगार रुख अपना रहे हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आम जनता से सहयोग की अपील
सुरक्षा एजेंसियों और सेना ने छावनी क्षेत्र की बेहतर निगरानी के लिए आम नागरिकों से मदद मांगी है। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को जागरूक करते हुए अपील की है कि वे सुरक्षा बलों के आंख और कान बनें।
यदि किसी भी नागरिक को अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या किसी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों या स्थानीय पुलिस को दें।
नागरिकों का यह छोटा सा सहयोग और सतर्कता छावनी क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक अभेद्य बनाने में एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। सैन्य प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।


No comments:
Post a Comment