रातभर तलाशते रहे स्वजन, अस्पताल में भर्ती मिला ई-रिक्शा चालक
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
मेरठ। बिजली बंबा बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, स्वजन रातभर ई-रिक्शा चालक को तलाश करते रहे। शनिवार को घटना की जानकारी होने पर पीड़ित स्वजन ने लोहियानगर थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ शिकायत दी है।
नौचंदी के एच-ब्लाक शास्त्रीनगर निवासी विकास ने बताया कि उनके पिता होरीलाल ई-रिक्शा चलाते है। शुक्रवार देर रात तक भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो उन्होंने पिता को काफी तलाश किया। शनिवार सुबह पता चला कि उनके पिता काे बिजली बंबा बाईपास पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
पुलिस ने उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित स्वजन अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। विकास ने बताया कि देर रात में उनके पिता शाप्रिक्स माल से बिजली बंबा चौकी की तरफ जा रहे थे।
जब वह एसपी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, थाना प्रभारी सुमित तोमर का कहना है कि पीड़ित युवक की तहरीर मिली है। अज्ञात वाहन का पता लगा जा रहा है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।

No comments:
Post a Comment