सेंट्रल मार्केट में धरने पर मुखिया को बोलने से रोका,धरने से लौटे सपा नेता
मुखिया गुर्जर बोले- भाजपा नेताओं का धरने पर कब्जा
मेरठ। कोर्ट के आदेश पर आवास विकास द्वारा सीलिंग के कार्रवाई के विरोध में शास्त्री नगर के सैक्टर दो में धरना पांचवे दिन भी जारी रहा। इस दौरान धरने पर सपा नेताओं का विरोध हो गया। सपा नेता मुखिया गुर्जर, प्रदेश सचिव विपिन चौधरी और जिला पंचायत सदस्य हिमांशु सिद्धार्थ के साथ महिलाओं के बीच पहुंचे थे लेकिन जैसे ही एक कार्यकर्ता ने विचार रखने शुरू किए, महिलाएं विरोध में खड़ी हो गई।यह सुनकर सपा नेता मुखिया गुर्जर गुस्से से भर गए और उन्होंने धरने को भाजपा द्वारा कैप्चर करने का आरोप लगा दिया।
यह पहला मौका था जब समाजवादी पार्टी के नेता मुखिया गुर्जर महिलाओं के धरने पर पहुंचे। वह कार्यकर्ताओं के साथ वही एक तरफ बैठ गए। महिलाएं आवास विकास के खिलाफ नारे लगा रही थीं। इसी बीच सपा के एक कार्यकर्ता ने जैसे ही विचार रखने शुरू किए, एक महिला ने विरोध कर दिया। मुखिया गुर्जर समझाने के लिए खड़े हुए लेकिन उनकी भी नहीं सुनी गई।मुखिया गुर्जर ने महिलाओं को समझने की कोशिश की कि वह राजनीति नहीं कर रहे हैं। वह व्यापारियों का दर्द बांटने आए हैं लेकिन महिलाएं कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। यह देख मुखिया गुर्जर चल दिए।उन्होंने कहा कि धरने को भाजपा के दलालों ने कैप्चर कर लिया है। जो विरोध कर रही हैं, क्या वह जवाब दे सकती हैं कि भाजपा के सांसद और विधायक कहां हैं?
सचिन सिरोही को भी लोगों ने वापस भेजा
धरने पर महिलाओं ने राजनीतिक मुद्दों से परहेज किया। इसी के चलते उन्होंने पहले सपा का विरोध किया। इसके बाद धरने पर पहुंचे हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही को भी उन्होंने बोलने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं है।महिलाएं अपने घरों को बचाने के लिए खुद निकल पड़ी है। वह अपनी लड़ाई स्वयं लड़ेंगी। महिलाओं की बात सुनने के बाद सचिन सिरोही वहां से निकल गए। हालांकि उनके कुछ साथी वहां धरने पर बैठे जरूर दिखे।
पुलिस के आते ही शुरू हुई हनुमान चालीसा
जिस जगह यह धरना चलाया जा रहा है, वहां एक बड़ा टेंट लगा चुका है। इसी टेंट के अंदर सपा नेता मुखिया गुर्जर और अन्य कार्यकर्ता की आकर बैठ गए। सभी नौचंदी थाने के थाना प्रभारी अनूप कुमार वहां पहुंच गए।उन्होंने धरने पर बैठी कुछ महिलाओं से बात की जिसके बाद सपा नेताओं का विरोध शुरू हो गया। मुखिया गुर्जर ने कहा कि भाजपा के दलाल की शह पर विरोध हुआ है।
सपा विधायक अतुल प्रधान भी पहुंचे
सेंट्रल मार्केट के धरने पर समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान भी दोपहर में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोग ही इस समस्या का समाधान निकाल सकते हैं।इसलिए जो भी दर्द बांटने आ रहा है, उसे रोक न जाए। वह खुद भी सदन में सेंट्रल मार्केट का मुद्दा उठा चुके हैं। राजनीतिक लोग ही इस मुद्दे पर जनता का साथ देंगे।उन्होंने उस प्रकरण का भी जिक्र किया जिसमें कमिश्नर ने जनता के हित में निर्णय दिया था। उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के समक्ष लगातार वह मुद्दे को उठा रहे हैं।
सेट बैक के मामले से बढ़ रहा आक्रोश
पहले सीलिंग की कार्रवाई और अब यह सेटबैक का आदेश आने के बाद क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी कई गुना बढ़ गई है। उनका कहना है कि उनके निर्माण केवल 25 मीटर और 38 मीटर क्षेत्रफल वाले हैं। अगर सेट बैक का पालन किया गया तो क्षेत्रफल रहने लायक भी नहीं बचेगा।सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि 15 दिन के अंदर जितने भी निर्माण है, सभी में सेट बैक की जगह को खाली कराया जाए। 16वें दिन आवास विकास खुद यह कार्रवाई शुरू कर देगी। इसके लिए अधीक्षण अभियंता राजीव यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अगले दिन दिनों में वह नोटिस जारी करेंगे।
नहीं आए मुख्य वास्तु नियोजक
सोमवार को आवास विकास में अफरा तफरी का माहौल देखा गया। आवास विकास के अधिकारियों को लखनऊ से मुख्य वास्तु नियेाजक के आने की संभावना दिख् रही थी। इस लिए अधिकारियों ने फाइलों को निकाल दिया था। जिससे वास्तु नियोजक के साथ बैठ कर आगे की कार्रवाई की जा सके। लेकिन उनके न आने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।




No comments:
Post a Comment