साले ने जीजा पर पेट्रोल छिड़क आग लगाकर मारने का प्रयास 

पति-पत्नी विवाद में आग लगाई, युवक गंभीर झुलसा

मेरठ। थाना  लोहियानगर क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के चलते एक व्यक्ति को उसके साले और अन्य साथियों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना में जीजा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

न्यू इस्लामनगर गली नंबर 31 निवासी शहजाद (पुत्र मुन्ना) की शादी करीब छह साल पहले नरहड़ा गांव की आबिदा (पुत्री यूसुफ) से हुई थी। दंपति का चार वर्षीय बेटा अरहम है। परिजनों के अनुसार, पिछले कई महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुई थीं। बताया जा रहा है कि आबिदा नौ माह की गर्भवती भी है।

शहजाद और उसकी मां सलमा ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ससुराल पक्ष के लोग उनके घर आए थे और कुछ देर बाद लौट गए। इसके बाद शाम को साला आदिल अपने साथियों के साथ फिर से घर पहुंचा। इस दौरान आदिल की शहजाद से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान साले आदिल, लालू और पत्नी आबिदा ने अपने साथियों के साथ मिलकर शहजाद पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

शहजाद की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। लोहियानगर थाना प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि युवक के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts