आंबेडकर जयंती पर रालोद का शक्ति प्रदर्शन
माल्यार्पण के बाद कार्यकर्ताओं ने निकाली पैदल यात्रा, सिद्वांतों को अपनाने का लिया संकल्प
मेरठ। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) द्वारा शहर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें चौधरी चरण सिंह पार्क में आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित एक पैदल यात्रा भी कार्यकर्ताओं ने निकाली।
कार्यक्रम में मौजूद रालोद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को स्मरण किया। इसके बाद सभी ने एकजुट होकर पैदल यात्रा निकाली, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा साहेब का नाम रहेगा” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम ने न केवल अंबेडकर जयंती के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि समाज में समानता, न्याय और भाईचारे के संदेश को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल तक पहुंचे, जहां पुनः माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उन्होंने सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर करने और सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए बाबा साहेब के आदर्शों पर चलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, सुनील रोहटा, चौधरी सत्येंद्र सिंह तोमर, गौरव जटौली, युवा जिला अध्यक्ष अभिमन्यु ललसाना, दीपक तोमर, प्रताप लोहिया, संगीता दोहरे, वीना पुनिया, रणवीर दहिया, विनय प्रधान, चंद्रवीर सिंह और आतिर रिज़वी सहित बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment