माफिया सुशील मूंछ के गिरोह पर पुलिस का 'सर्जिकल स्ट्राइक'
बेटों समेत तीन पर गैंगस्टर एक्ट, संपत्ति होगी कुर्क
मुजफ्फरनगर। जनपद में संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने कुख्यात माफिया सुशील मूंछ के आपराधिक साम्राज्य की कमर तोड़ दी है। मंसूरपुर थाना पुलिस ने मूंछ के दो बेटों और उनके एक करीबी सहयोगी के खिलाफ गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मूंछ के पुत्र मंजीत उर्फ टोनी को इस गिरोह का सरगना घोषित किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र की रिपोर्ट पर दर्ज इस मुकदमे में सुशील मूंछ के पुत्र अक्षयजीत उर्फ मौनी, मंजीत उर्फ टोनी और उनके सहयोगी अमरदीप उर्फ भोलू (निवासी मथेड़ी, रतनपुरी) को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अवैध हथियारों के दम पर व्यापारियों और आम लोगों को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी वसूलने का काम कर रहा था। इस कार्रवाई के बाद अब प्रशासन इन आरोपियों की चल-अचल संपत्ति को चिह्नित कर उन्हें कुर्क करने की तैयारी में जुट गया है।
निरीक्षक का बेटा बना 'डॉन':
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा माफिया डॉन माना जाने वाला सुशील मूंछ रतनपुरी के गांव मथेड़ी का रहने वाला है। उसके पिता चंद्रपाल सिंह पुलिस विभाग में निरीक्षक थे, लेकिन बेटे के अपराध की राह पकड़ने के बाद उन्होंने उसे बेदखल कर दिया था। सुशील मूंछ पर हत्या, लूट और रंगदारी के 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। साल 2025 में एक लाख रुपये का इनाम घोषित होने के बाद उसने जेल में आत्मसमर्पण कर दिया था। हाल ही में पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके बेटे अक्षयजीत और सहयोगी अमरदीप की गिरफ्तारी ने मूंछ गिरोह की कमर तोड़ दी है।
बद्दो और बाफर का 'गुरु' अब विदेश में
कुख्यात बदन सिंह बद्दो और भूपेंद्र बाफर जैसे अपराधियों का गुरु माना जाने वाला सुशील मूंछ फिलहाल पुलिस की नजर में भगोड़ा है। खुफिया सूत्रों का दावा है कि वह ऑस्ट्रेलिया में शरण लेकर वहां से इंटरनेट के जरिए अपने सिंडिकेट का संचालन कर रहा है। हाल ही में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद उसके बेटे अक्षयजीत को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अब गैंगस्टर की कार्रवाई से गिरोह की आर्थिक नींव हिलाने की तैयारी है।


No comments:
Post a Comment