किसी भी हाल में जनगणना में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी - डीएम
मेरठ में जनगणना–2027 की तैयारियां तेज, सभी विभागों को तत्काल सूची देने के निर्देश
22 मई से आरंभ होगी मकानों की गणना
मेरठ। जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ.वी. के. सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के कर्मचारियों की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनगणना का प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्वगणना (Self Enumeration) 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित होगी, जबकि द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) दिनांक 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।डीएम ने अवगत कराया कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी तथा नागरिकों को पहली बार स्वगणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 120 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, जो 16 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक कुल 7,516 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा उल्लंघन की स्थिति में जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के अंतर्गत दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर जनगणना अधिकारी/अपर नगर आयुक्त, जनपद के समस्त अपर जिलाधिकारी, उप जनगणना अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारीगण, जनगणना निदेशालय के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में जिलाधिकारी महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित समस्त तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार की जनगणना में जनपद का कोई भी क्षेत्र मकान गणना से वंचित नहीं रहेगा।


No comments:
Post a Comment