पेट्रोल पंप पर लूट, एक गिरफ्तार

नकाबपोश युवकों ने सेल्समैन से 11सौ रुपये छीने, नकली पिस्टल बरामद

मेरठ । थाना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लखवाया गांव में स्थित सपा नेता और अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के जिला अध्यक्ष मनोज चपराना के पेट्रोल पंप पर सोमवार रात लूट की घटना हुई। नकाबपोश दो युवकों ने सेल्समैन से 1100 रुपये छीन लिए। हालांकि, सेल्समैन की बहादुरी से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पेट्रोल पंप संचालक, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष मनोज चपराना ने बताया कि सोमवार रात बिना नंबर की बाइक से दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। इनमें से एक ने हेलमेट पहना था, जबकि दूसरा नकाबपोश था। उन्होंने बाइक की टंकी फुल करवाई।

पेट्रोल पंप के सेल्समैन कपिल (निवासी कविनगर) ने जब पैसे मांगे, तो पीछे बैठे युवक ने पिस्टलनुमा वस्तु दिखाकर उसे डराया और उसकी जेब से 1100 रुपये छीन लिए। इसके बाद दोनों आरोपी भागने लगे।

कपिल ने हिम्मत दिखाते हुए पीछा किया और पीछे बैठे युवक को पकड़ लिया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें आरोपी को हल्की चोटें आईं। बाइक चला रहा दूसरा युवक मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम जतिन (निवासी शाक्यपुरी) बताया, जबकि फरार साथी का नाम सावन (निवासी अंबेडकर नगर) है।

सूचना मिलने पर पेट्रोल पंप संचालक मनोज चपराना मौके पर पहुंचे और आरोपी जतिन को नकली पिस्टल तथा छीने गए रुपयों के साथ थाने ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी सावन की तलाश शुरू कर दी है। मनोज चपराना ने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले भी इन्हीं लोगों ने इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें वे टंकी फुल कराकर फरार हो गए थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts