सेंट्रल मार्केट में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

एकसाथ 44 भवन सील, व्यापारियों में गुस्सा; आज मेरठ बंद

मेरठ। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आवास विकास ने शास्त्रीनगर   के  सेंट्रल मार्केट में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई कर दी। भारी पुलिस फोर्स और सात टीमों को साथ लेकर सील लगाने का अभियान चलाया गया। 

सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के बाद बुधवार को आवास एवं विकास परिषद ने शास्त्रीनगर की सेंट्रल मार्केट में बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 व्यावसायिक भवनों को पूरी तरह सील कर दिया। भारी पुलिस बल और सात अलग-अलग टीमों के साथ चले इस अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश देखा गया। इस कार्रवाई के विरोध में संयुक्त व्यापार संघ के दोनों गुटों ने एकजुट होकर बृहस्पतिवार को मेरठ बंद का ऐलान किया है।

शास्त्रीनगर स्कीम संख्या सात के तहत आवासीय भवनों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर सुप्रीम कोर्ट ने 26 जनवरी को ही ध्वस्तीकरण के आदेश दिए थे।

आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना द्वारा दायर अवमानना याचिका के बाद परिषद ने सोमवार को उन 44 भवनों की सूची सौंपी थी, जहां पूरी तरह से व्यावसायिक कार्य हो रहे थे। इन 44 भवनों में बड़े शोरूम और कॉम्प्लेक्स के साथ ही 6 अस्पताल, 6 स्कूल और 4 बैंक्वेट हॉल (मंडप) चल रहे थे। सभी पर सील लगा दी गई है।

इस कार्रवाई के लिए सोमवार रात से ही पुलिस बल तैनात था। वहीं बुधवार सुबह आठ बजे से आवास विकास परिषद की टीम व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी सेंट्रल मार्केट पहुंच गए। इसके अलावा अतिरिक्त फोर्स भी बुलाई गई।

करीब नौ बजे उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में जैसे ही सीलिंग शुरू हुई, व्यापारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

इसी दौरान व्यापारी अशोक गिरधर अपनी दुकान को सील होता देख अचानक बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के कारण अभियान कुछ देर के लिए रोकना भी पड़ा। शाम को डॉक्टरों ने उनकी स्थिति में सुधार की पुष्टि की।

बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई

आवास विकास परिषद के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने माननीय न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन किया है। इस मामले में अब बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट में दोबारा सुनवाई होनी है। दूसरी ओर व्यापारियों ने इस कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। संयुक्त व्यापार संघ के दोनों गुटों की अपील पर बृहस्पतिवार को मेरठ के सभी बाजार बंद रहेंगे। व्यापारियों का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी बरसों की मेहनत को उजड़ने नहीं देंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts