अमेरिका का KC-135 टैंकर प्लेन इराक में क्रैश
ईरान के साथ लड़ाई में ट्रंप को नया झटका
बगदाद। ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच अमेरिकी सेना को नया झटका लगा है. पश्चिमी इराक में ऑपरेशन के दौरान अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 टैंकर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान हवा में दूसरे सैन्य विमानों को ईंधन भरने का काम करता था. विमान कम से कम 3 क्रू के साथ ऑपरेट कर सकता है। हादसे के बाद इलाके में तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब विमान अमेरिका के सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत मिशन पर था। अमेरिका ईरान पर अपने हमले को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी कहता है. वहीं ईरान ने इस युद्ध को खत्म करने के लिए पहले ही 3 शर्तें रखी हैं।
अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में बताया कि घटना में दो विमान शामिल थे. इनमें से एक विमान सुरक्षित लैंड कर गया, जबकि दूसरा पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना ने इसे एक बड़ा नुकसान बताया है और कहा है कि राहत और बचाव का काम जारी है। अमेरिकी सेना ने साफ किया है कि यह हादसा किसी दुश्मन की गोलीबारी या अपने ही सैनिकों की गलती से नहीं हुआ। यानी विमान को किसी तरह का हमला नहीं हुआ था. हालांकि दुर्घटना की असली वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
ईरान युद्ध में अमेरिका का चौथा विमान क्रैश हुआ
सेंट्रल कमांड ने कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, नई जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही सेना ने लोगों से धैर्य रखने की अपील की है ताकि सही जानकारी जुटाई जा सके और सेवा में तैनात सैनिकों के परिवारों को स्पष्ट जानकारी दी जा सके।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि इस घटना में शामिल दूसरा विमान भी KC-135 रिफ्यूलिंग टैंकर था।
ईरान के साथ जारी इस युद्ध के दौरान यह चौथी बार है जब अमेरिकी सैन्य विमान के नुकसान की जानकारी सामने आई है। इससे पहले तीन अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट गलती से कुवैत की सेना ने मार गिराए थे। उन तीनों विमानों में सवार सभी छह क्रू मेंबर समय रहते इजेक्ट हो गए थे और बाद में उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया था।
पेंटागन के आंकड़ों के मुताबिक इस संघर्ष में अब तक सात अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है. वहीं करीब 140 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बताई गई है।


No comments:
Post a Comment