आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग
व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर शानदार जीत के साथ फाइनल में पहुंची
- मैन ऑफ द मैच बने निर्देश बैसोया ने 39 रन बनाए, तीन विकेट लिए
- व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन बनाए
- बीबीसी एलीट गंगानगर निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 150 रन ही बना पाई
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर मंगलवार शाम छह बजे से बीबीसी एलीट गंगानगर और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के बीच लीग का दूसरा क्वालिफायर मैच खेला गया। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन बनाए। बीबीसी एलीट गंगानगर निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 150 रन ही बना पाई और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 16 रन से मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर बीबीसी एलीट ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के सलामी बल्लेबाज अभय चौहान ने शुरूआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए गेंद को मैदान के बाहर भेजना शुरू कर दिया। लेकिन दूसरे सलामी बल्लेबाज कप्तान हर्ष त्यागी का भाग्य ने साथ नहीं दिया। ज्ञानेश शर्मा की गेंद पर शॉट मार कर रन लेने के प्रयास में नाकाम होने पर हर्ष त्यागी (7 रन) वापस क्रीज में लौट पाते इससे पहले ही ज्ञानेश शर्मा ने सीधी थ्रो पर उन्हें रन आउट कर दिया।
5.1 ओवर में स्कोर 43 रन हो चुका था तभी अर्जुन त्यागी की एक घुमती गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में अभय चौहान शार्ट थर्ड मैन पर खड़े हर्षवर्धन को कैच दे बैठे। अभय चौहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक चौके-4 छक्के के साथ 15 गेंद पर 33 रन बनाए। इसी ओवर में अर्जुन त्यागी ने शशांक (5 रन) को क्लीन बोल्ड कर बीबीसी एलीट को बढ़त दिला दी। अब चैतन्य पराशर और निर्देश बैसोया के रूप में दोनों ही नए बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद थे और तेज शुरूआत के बाद रनों की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। 13 ओवर खत्म होने तक टीम का स्कोर 105 हो चुका था और दोनों बल्लेबाजों के बीच 57 रन की पार्टनरशिप हो चुकी थी। टीम एक बड़े स्कोर की और बढ़ती दिख रही थी की टीम को लगातार तीन झटके लग गए। 112 के टीम स्कोर पर चैतन्य पराशर (21 गेंद पर 24 रन) हर्षवर्धन की एक गेंद की लाइन में आने से चूके और गेंद ने उनकी गिल्लियां बिखेर दीं। इसी स्कोर पर टीम का पांचवा विकेट गिरा और निर्देश बैसोया गेंदबाज राघव चोपड़ा की टर्न लेती गेंद को समझने में नाकाम रहे और विकेटकीपर अजय भारद्वाज ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। निर्देश बैसोया ने तीन चौके-2 छक्के के साथ 31 गेंद पर 39 रन बनाए।
टीम स्कोर में एक ही रन का इजाफा हुआ था की प्रशांत बिना कोई रन बनाए राघव चोपड़ा की गेंद पर हर्षवर्धन को कैच दे बैठे। लगातार तीन विकेट गिरने से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर दबाव में आ गयी। लेकिन आकाश त्यागी के संघर्ष ने टीम को 17 ओवर में 135 रन तक पहंुचा दिया । दूसरे छोर से फैसल अलवी ने भी हाथ खोल कर आतिशी बल्लेबाजी शुरू कर दी। लेकिन सुनील कुमार की गेंद को बाउंड्री से पार पहुंचाने के प्रयास में फैसल अलवी (11 गेंद पर 19 रन) ज्ञानेश शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए। विकास सिंह बिना कोई रन बनाए जयर्वधन की गेंद को ज्ञानेश शर्मा के सुरक्षित हाथों में दे बैठे। आकाश त्यागी ने साहसिक पारी खेलते हुए तीन चौके-एक छक्के के साथ 17 गेंद पर नाबाद 26 रन बनाए। अंतरिक्ष छह रन बनाकर नॉटआदट रहे। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया था।
बीबीसी एलीट गंगानगर के गेंदबाज अर्जुन त्यागी ने दो, राधव चोपड़ा ने दो, हर्षवर्धन, सुनील कुमार और जयवर्धन ने एक-एक विकेट लिया।
167 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीबीसी एलीट गंगानगर के सलामी बल्लेबाज ईशु शर्मा और लक्ष्य राटी क्रीज पर उतरे। पारी का पहला ओवर फेंक रहे निशांत जिंदल की पहली ही गेंद लक्ष्य राटी के पैड से जा टकराई और मैदानी अंपयार ने उन्हें आउट करार दे दिया। लक्ष्य राटी ने रिव्यू लिया मगर थर्ड अंपायर ने भी आउट का निर्णय दिया और बिना कोई रन बनाए लक्ष्य राटी को पवेलियन लौटना पड़ा। निशांत जिंदल गेंद पर ईशु शर्मा का छह रन के निजी स्कोर पर कैच छूटा जो मैच का छूटना भी साबित हो सकता था। अर्श प्रताप की घुमती गेंदों का जवाब राघव चोपड़ा के पास नहीं था और पारी का चौथा ओवर मेडन निकल गया जो इस लीग का दूसरा मेडन ओवर भी था। मिले जीवनदान का लाभ उठाते हुए ईशु शर्मा ने तेजी से रन बटोरना शुरू कर दिया। वहीं दूसरे छोर से राघव चोपड़ा ने भी संभलकर खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाना जारी रखा।
10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर स्कोर 64 रन हो गया था और अब जीत के लिए बीबीसी एलीट को 60 गेंद पर 103 रन चाहिए थे। मगर 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर थर्ड अंपायर के निर्णय से विकेट गंवाने से बचे राघव चोपड़ा अगली ही गेंद पर अर्श प्रताप सिंह का शिकार बने और निर्देश बैसोया को कैच दे बैठे। राघव चोपड़ा ने 3 चौके-एक छक्के के साथ 32 गेंद पर 30 रन बनाए। अर्श प्रताप सिंह के इसी ओवर में एक घुमती हुई गेंद ईशु शर्मा के बल्ले को छूती हुई विकेटकीपर चैतन्य पराशर के सुरक्षित हाथों में समा गयी। ईशु शर्मा ने चार चौके-3 छक्के के साथ 32 गेंद पर 46 रन बनाए। इसके बाद कप्तान दिव्यांश राजपूत दो रन बनाकर निर्देश बैसोया की गेंद पर विकेट उखड़वा बैठे।
11.3 ओवर में 79 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा कर बीबीसी एलीट संकट में दिखाई दे रही थी। दो नए बल्लेबाज अर्जुन त्यागी और उज्जवल गर्ग विकेट पर मौजूद थे। लेकिन निर्देश बैसोया की गेंद को मारने के प्रयास में अर्जुन त्यागी (10 रन) गेंद हवा में उछाल बैठे और विकेटकीपर चैतन्य पराशर ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। इंपैक्ट प्लेयर के रूप में आए देश दीपक चौहान (1 रन) की पारी का अंत निर्देश बैसोया की गेंद पर विकास सिंह की एक शानदार कैच ने कर दिया। विकास सिंह ने बाउंड्री पर दूर तक भागते हुए अचंभित कर देने वाला कैच पकड़ा। जयवर्धन (11 रन) विकास सिंह की गेंद पर चूके और बॉल उनके पैड से जा टकराई। रिव्यू लेने पर थर्ड अंपायर ने भी आउट करार दिया और जयवर्धन को पवेलियन लौटना पड़ा। अंतिम 12 गेंद पर 38 रन का मुश्किल लक्ष्य सामने था। उज्जवल गर्ग एक छोर संभाले हुए थे की निशांत जिंदल की एक तेज गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर चैतन्य पराशर के दस्तानों में समा गयी। उज्जवल गर्ग ने चार छक्कों के साथ 26 गेंद पर 34 रन बनाए। सुनील कुमार (3 रन) विकास सिह का शिकार बने और आकाश त्यागी के हाथों कैच आउट हो गए। अजय भारद्वाज (7 रन) और ज्ञानेश शर्मा (4 रन) नाबाद रहे।
बीबीसी एलीट गंगानगर निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 150 रन ही बना पाई। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 16 रन से मैच जीत लिया।
व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के गेंदबाज निर्देश बैयोया ने तीन विकेट, अर्श प्रताप सिंह ने दो विकेट, निशंात जिंदल ने दो विकेट और विकास सिंह ने दो विकेट हासिल किए।
तीन दिन में बदली मेरठ कैंट कमांडोज् की तकदीर
रोमांच से भरपूर आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग में खेले गए मैचों ने दर्शकों के दिल की धड़कनों को बढ़ाए रखा। इस लीग में कई मैच उलटफेर का शिकार बने। कई टीमें जीतने की दहलीज पर पहुंच कर निराश हुईं तो कई टीमों ने अपने हौंसले से हार को टाल दिया। लेकिन इस लीग में सबसे चमत्कारिक टीम बन कर उभरी मेरठ कैंट कमांडोज्। शनिवार दोपहर तक मेरठ कैंट कमांडोज् के लिए फाइनल तो दूर क्वालिफायर मैच खेलना भी मुश्किल दिखाई दे रहा था। लेकिन शनिवार को हुए मैच में वर्दित छोकर के नाबाद शतक की बदौलत, शुभम स्मैशर्स को छह विकेट से पराजित कर मेरठ कैंट कमांडोज् ने क्वालिफायर मैच खेलने की उम्मीद बरकरार रखी। रविवार को साकेत रॉयल चैंप्स से हुए मुकाबले में अंकुर शर्मा की तूफानी गेंदबाजी ने मेरठ कैंट कमांडोज् को 14 रन से जीत दिलाने के साथ क्वालिफायर वन में खेलने का मौका भी दिला दिया। सफलता के रथ पर सवार मेरठ कैंट कमांडोज का सफर रूका नहीं और सोमवार शाम को हुए पहले क्वालिफायर वन मैच में टीम ने प्वाईंट टेबल के पहले पायदान पर काबिज बीबीसी एलीट गंगानगर पर छह विकेट से जीत हासिल की। प्रिंस यादव के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत मेरठ कैंट कमांडोज्, आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गयी। शनिवार दोपहर तक जो टीम अपने वजूद के लिए संघर्ष करती दिख रही थी वही टीम सोमवार रात को 9 प्वाईंट हासिल कर आईआईएमटी मेरट टी20 लीग की पहली फाइनलिस्ट टीम बन गयी। मात्र तीन दिन में फर्श से अर्श तक का सफर तय करने वाली मेरठ कैंट कमांडोज् ने तय किया।
बारिश ने काटे अंक फिर भी व्हाइट डॉट ने बिखेरी चमक
मेधावी खिलाड़ियों के साथ व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने आईआईएमटी मेरट टी20 लीग का सफर शुरू किया तो खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सभी ने सराहा। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने सात मैच खेले जिसमें दो मैच में बारिश होने के कारण उसे एक-एक अंक ही मिल पाए। किसी भी टीम के लिए यह निराशा की स्थिति थी मगर व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने खेले गए पांच मैचों में से तीन मैच में न सिर्फ जीत हासिल की बल्कि नेट रन रेट भी बेहतर बनाए रखा। प्वाईंट टेबल में 8 प्वाईंट के साथ क्रीक गिरी चैंप्स भी मुकाबले में थी मगर बेहतर रन रेट की बदौलत और खिलाड़ियों के जुझारू रवैये से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर क्वालिफायर टू में प्रवेश करने की हकदार बन गयी। क्वालिफायर मैच में व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने लीग मैचों की प्वाईंट टेबल में टॉप पर रही बीबीसी एलीट को 16 रन से पराजित कर आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
बुधवार शाम को मेरठ कैंट कमांडोज् और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर बुधवार को आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग का फाइनल खेलेंगी। दोनों ही टीमों के पास जुझारू और मेधावी खिलाड़ियों की भरमार है। जाहिर है की मैच रोमांच की हदों को पार करेगा और अंतिम गेंद तक मुकाबला संघर्षपूर्ण रहेगा। दोनों टीमों का फाइनल मैच में प्रदर्शन कैसा रहेगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन यह तय है की आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग में अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित करने वाले अनेक मेधावी और जुझारू खिलाड़ियों को हम आने वाले समय में राष्ट्रीय-अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए अवश्य देखेंगे।


No comments:
Post a Comment