कृषि विवि में वर्मी कम्पोस्ट और मशरूम उत्पादन पर प्रशिक्षण शुरू
जवानों-किसानों को दी जा रही आधुनिक तकनीक
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय के मृदा विज्ञान विभाग द्वारा सेना की विभिन्न कोर के जवानों और अधिकारियों के लिए 30 दिवसीय वर्मीकम्पोस्ट उत्पादन तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने किया।
उद्घाटन समारोह में कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने वर्मीकम्पोस्ट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मृदा की जैविक, रासायनिक और भौतिक गुणवत्ता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसके उपयोग से उच्च गुणवत्ता वाले खाद्यान्न, फल, सब्जियों तथा दूध उत्पादन को भी बढ़ावा मिलता है। कुलसचिव डॉ. रामजी सिंह ने बताया कि वर्मीकम्पोस्ट की मांग लगातार बढ़ रही है। शहरों में किचन गार्डन और सजावटी पौधों के लिए भी इसकी उपयोगिता तेजी से बढ़ी है। कार्यक्रम के विषय समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में देश के 10 राज्यों से आए जवान और अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्याख्यान, प्रयोगशाला प्रयोग और भ्रमण के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। मृदा विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. यू.पी. शाही ने जैविक खादों की उपयोगिता बताते हुए सभी अतिथियों, प्रशिक्षार्थियों, कर्मचारियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. सतेन्द्र कुमार, डॉ. योगेश कुमार और डॉ. नीरज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
वहीं विश्वविद्यालय में मशरूम बीज, खाद्य एवं औषधीय मशरूम उत्पादन विषय पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान और छात्र शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के मशरूम के उत्पादन, बीज तैयार करने और प्रसंस्करण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अधिष्ठाता स्नातकोत्तर डॉ. गोपाल सिंह, संयुक्त निदेशक बीईडीएफ डॉ. रितेश शर्मा, पादप रोग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत मिश्रा और डॉ. रमेश सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 35 किसानों के साथ विभाग के एमएससी और पीएचडी शोधार्थियों ने भी भाग लिया।


No comments:
Post a Comment